हरदोई। समाजवादी पार्टी की जिला इकाई की मासिक बैठक शनिवार को हुई। पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष शराफत अली ने कहा कि मतदाताओं के मान सम्मान की लड़ाई पार्टी लड़ेगी। किसी भी हाल में फॉर्म-7 का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा।
नगर पालिका परिसर स्थित पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष शराफत अली ने कहा कि सभी पदाधिकारी एसआईआर को लेकर गंभीरता से काम करें। पूर्व सांसद और सपा की जिला प्रभारी ऊषा वर्मा ने कहा कि भाजपा एसआईआर के मुद्दे पर खुद घिर गई है। उन्होंने कहा कि यह किसी एक पार्टी का मुद्दा नहीं है। यह आम जनमानस के संविधान से मिले मताधिकार के प्रयोग को बनाए रखने का मामला है। कहा कि कार्यकर्ता जागरूकता से काम करें।
पूर्व जिलाध्यक्ष पम्मू यादव ने कहा कि जो मतदाता सूची सामने आई है। वह अंतिम मतदाता सूची नहीं है। यह मतदाता सूची का ड्राफ्ट है। जरूरी नहीं कि यही नाम अंतिम मतदाता सूची में भी हो। इसलिए जागरूक रहना जरूरी है। बैठक में जिला उपाध्यक्ष रहमत अली, धर्मवीर यादव, अजय सिंह पाल, जिला महासचिव चंद्रशेखरपाल, जिला सचिव सोनू त्रिपाठी, चांद मियां, अनीस मंसूरी, पवन पाल आदि मौजूद रहे।