Hathras: पुराने विकास कार्यों के सहारे बसपा तलाश रही नई जमीन, 19 मिनट के भाषण में आकाश आनंद बोले यह
युवाओं के हाथ में मायावती व चंद्रशेखर के फोटोसम्मेलन में कई युवाओं के हाथों में मायावती और चंद्रशेखर आजाद दोनों के ही फ़ोटो नजर आए। पूछने पर युवकों ने कहा कि एक मुख्यमंत्री बनेंगी और एक प्रधानमंत्री।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
14 वर्षों से सत्ता से दूर बसपा एक बार फिर अपने पुराने विकास कार्यों के जरिए राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने आखिरी के 19 मिनट के भाषण में बसपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने शिक्षा, ग्रामीण विकास, सरकारी संस्थानों के निर्माण और भूमिहीन परिवारों को पट्टे देने जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए लोगों को बसपा शासन की उपलब्धियां याद दिलाईं।
आकाश आनंद ने कहा कि तत्कालीन बसपा सरकार के कार्यकाल में सावित्रीबाई फुले शिक्षा बालिका योजना के तहत सात लाख से अधिक बच्चियों को आठवीं कक्षा तक मुफ्त शिक्षा देने का काम किया गया। इसके लिए 600 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए। उन्होंने दावा किया कि बसपा के शासन में छह इंजीनियरिंग कॉलेज, दो होम्योपैथिक कॉलेज, 24 पॉलीटेक्निक कॉलेज, दो पैरामेडिकल कॉलेज, छह विश्वविद्यालय, दो राजकीय आईटीआई के साथ 550 से अधिक हाईस्कूल और 5,500 से अधिक प्राथमिक विद्यालयों के निर्माण का कार्य किया गया।
उन्होंने सरकारी छात्रावासों में सर्व समाज के बच्चों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था किए जाने का भी जिक्र किया। साथ ही भूमिहीन परिवारों को सरकारी जमीन पर खेती के लिए तीन-तीन एकड़ के पट्टे दिए जाने और लाखों परिवारों को इसका लाभ मिलने की बात कही। आकाश ने आंबेडकर ग्राम विकास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 28,500 से अधिक गांवों का विकास कराया गया। इन गांवों में पक्की सड़क, स्वच्छ पानी, बिजली, प्राथमिक विद्यालय और चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया गया।
बसपा को बताया सर्व समाज की पार्टी
भाषण के अंतिम हिस्से में आकाश आनंद ने बसपा के मुश्किल दौर में पार्टी के साथ खड़े रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी नाम लेकर उल्लेख किया। बसपा के एक मात्र विधायक रहे उमाशंकर सिंह को सच्चा क्षत्रिय बताया। प्रदीप मिश्रा व फुरकान अली जैसे नेताओं का नाम लेकर उन्होंने संदेश देने का प्रयास किया कि बसपा सर्व समाज की पार्टी है।
युवाओं के हाथ में मायावती व चंद्रशेखर के फोटो
युवाओं के हाथ में मायावती व चंद्रशेखर के फोटोसम्मेलन में कई युवाओं के हाथों में मायावती और चंद्रशेखर आजाद दोनों के ही फ़ोटो नजर आए। पूछने पर युवकों ने कहा कि एक मुख्यमंत्री बनेंगी और एक प्रधानमंत्री।
जनसभा के दौरान कूपा रोड पर लगा जाम, लोग परेशान
कूपा रोड स्थित उत्सव गार्डन में सोमवार को आयोजित बसपा की जनसभा के दौरान कूपा रोड पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के चलते सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जनसभा स्थल तक पहुंचने वाले लोगों को भी जाम के बीच से गुजरना पड़ा। सड़क पर वाहनों की भीड़ के चलते आवागमन प्रभावित रहा।
आकाश आनंद को देखने के लिए खंभों पर चढ़े युवा
जनसभा के दौरान युवाओं में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को देखने और सुनने का खासा उत्साह नजर आया। आकाश आनंद की सादाबाद में यह पहली जनसभा होने के कारण उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा पंडाल में जुटे। आकाश के संबोधन के दौरान कई युवा उन्हें करीब से देखने के लिए पंडाल में लगे खंभों पर चढ़ गए। इस दौरान युवाओं ने आकाश आनंद जिंदाबाद और बहन कुमारी मायावती जिंदाबाद के नारे भी लगाए।