कांवड़ यात्रा: आया भोले का सोमवार, मध्यरात्रि के बाद से शिवालयों में गूंजने लगा हर-हर, बम-बम
सावन के पहले सोमवार पर शहर के कई प्रमुख शिवालयों में विशेष भीड़ रही। इनमें रेलवे सिटी स्टेशन रोड स्थित गोपेश्वर महादेव और मेंडू रोड स्थित चौबे वाले महादेव शामिल हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन मास के पहले सोमवार पर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए हाथरस में रविवार को मध्यरात्रि के बाद से ही भक्त शिवालयों में पहुंचने लगे। हर हर-बम बम के साथ घंटों की ध्वनि से शिवालय गुंजायमान हो उठे। सोमवार की सुबह से जलाभिषेक के लिए जिले के प्रमुख शिवालयों में भारी भीड़ उमड़ेगी। इससे पहले रविवार को दिनभर शहर के मंदिरों में तैयारियां चलीं।
मंदिरों में सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट का कार्य पूरा किया गया। पूजन व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया गया। मंदिर समितियों और श्रद्धालुओं ने पूजन सामग्री की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। जलाभिषेक के लिए बेलपत्र, धतूरा, भांग, दूध, दही और गंगाजल आदि का इंतजाम अधिकांश भक्तों ने रविवार को दिन में ही कर लिया।
सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु मंदिरों में भक्तों की संख्या बढ़ गई। दोपहर तक जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहेगा। शाम के समय भगवान शिव का विशेष शृंगार और आरती आयोजित की जाएगी। ये सभी तैयारियां भक्तों की श्रद्धा को दर्शाती हैं।
कांवड़ यात्रा से सड़कें शिवमय
रविवार को मथुरा-बरेली तथा आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर दिनभर कांवड़ियों की आवाजाही रही। डाक कांवड़ और कलश कांवड़ लेकर चल रहे श्रद्धालुओं ने मार्गों को शिवमय बना दिया। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत और सेवा के लिए शिविर भी संचालित रहे। इन शिविरों में कांवड़ियों को सुविधाएं प्रदान की गईं।
प्रमुख शिवालयों में विशेष जमावड़ा
सावन के पहले सोमवार पर शहर के कई प्रमुख शिवालयों में विशेष भीड़ रहने की संभावना है। इनमें रेलवे सिटी स्टेशन रोड स्थित गोपेश्वर महादेव और मेंडू रोड स्थित चौबे वाले महादेव शामिल हैं। जोगिया रोड स्थित बाबूलनाथ महादेव और अलीगढ़ रोड स्थित कैलाश महादेव में भी भीड़ रहेगी। मथुरा रोड स्थित बौहरेश्वर महादेव, आगरा रोड स्थित चिंताहरण महादेव, कमला बाजार स्थित कामेश्वर महादेव, चमत्कारी महादेव और हनुमान गली स्थित राजराजेश्वर महादेव भी प्रमुख हैं। जिले के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।