NEET Exam: हाथरस में तीन केंद्रों पर 1107 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, सामान्य से थोड़ा कठिन रहा पेपर
परीक्षा केंद्र सरस्वती इंटर कालेज आगरा रोड, अक्रूर इंटर कॉलेज अलीगढ़ रोड व पीबीएएस इंटर कॉलेज पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
विस्तार
हाथरस जनपद में 3 मई को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के तीन केंद्रों पर कुल 1129 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1107 ने परीक्षा दी, जबकि 22 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अभ्यर्थियों ने पेपर को सामान्य से थोड़ा कठिन बताया।
परीक्षा केंद्र सरस्वती इंटर कालेज आगरा रोड, अक्रूर इंटर कॉलेज अलीगढ़ रोड व पीबीएएस इंटर कॉलेज पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा कक्ष में बॉलपेन सहित अन्य कोई भी सामान ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। छात्रों ने पेपर पर मिश्रित प्रतिक्रिया दी। कुछ ने आसान तो कुछ ने उलझाऊ बताया। डीआईओएस संत प्रकाशन ने बताया कि जिले में नीट परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है।
परीक्षा के दौरान छात्रा की बिगड़ी तबीयत
सरस्वती इंटर कॉलेज में परीक्षा दे रही मुरसान निवासी छात्रा कशिश की अचानक तबीयत खराब हो गई। मौके पर मौजूद स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत बागला जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
फिजिक्स के कुछ प्रश्न थोड़े कठिन थे, लेकिन बायोलॉजी अपेक्षाकृत आसान रही। समय प्रबंधन करना थोड़ा चुनौतीपूर्ण रहा। - निकुंज कुमार, परीक्षार्थी
पेपर ठीक था, लेकिन कुछ प्रश्न ऐसे थे जिनमें कन्फ्यूजन हुआ। कुल मिलाकर पेपर औसत से थोड़ा कठिन कहा जा सकता है। -शेखर कुमार, परीक्षार्थी
