जिले के तीन प्रधानाचार्यों को राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए राजकीय स्तर पर सम्मानित किया गया। रामचंद्र अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. नीतू यादव, उमेश चंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सौरभ जैन तथा कन्या इंटर कॉलेज सासनी की प्रधानाचार्य डॉ. उमा कुमारी को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से नवाजा गया।
यह सम्मान समारोह 19 अप्रैल को लखनऊ स्थित रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल में आयोजित किया गया। इसमें कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन सीटीई के प्राचार्य अजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेशभर के करीब 409 प्रधानाचार्यों व शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
छात्रवृत्ति परीक्षा में रामचंद्र अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज की 16 छात्राएं, कन्या इंटर कॉलेज सासनी की 13 छात्राएं तथा आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के पांच छात्र सफल हुए। इन विद्यार्थियों को राज्य सरकार द्वारा प्रतिवर्ष ₹12,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने तीनों प्रधानाचार्यों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सराहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला नोडल अधिकारी सत्यवीर सिंह तथा मंडल नोडल मुकेश यादव का विशेष सहयोग रहा।
कमेंट
कमेंट X