प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड: त्रियोदशी वाले दिन आया नियुक्ति कमेटी का पत्र, देख मां हुई बदहवास, एक और आरोपी दबोचा
आठ अप्रैल को जारी यह पत्र 17 अप्रैल को उसके घर पहुंचा, जब त्रियोदशी संस्कार चल रहा था। यह पत्र देख मां माधो शर्मा को फिर से बेटे की याद आ गई और वे बदहवास हो गईं।
विस्तार
प्रॉपर्टी डीलर वेदप्रकाश उर्फ सोनू दयामूलक आधार पर आयकर विभाग में नौकरी के लिए प्रयास कर रहे थे। इसके लिए वे आवेदन कर चुके थे और विभागीय प्रक्रिया जारी थी। इस बीच उनकी हत्या कर दी गई। 17 अप्रैल को उनका त्रियोदशी संस्कार था। इस रस्म के बीच जब डाक से आयकर विभाग की नियुक्ति कमेटी का पत्र आया तो मां फफक पड़ीं।
बेटे को याद करते-करते वह बदहवास हो गईं। बुढ़ापे में वेदप्रकाश ही उनका एक मात्र सहारा था। वेदप्रकाश के पिता रामप्रकाश शर्मा आयकर विभाग में कर्मचारी थे। लगभग 10 वर्ष पहले उनकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वेदप्रकाश ने दयामूलक आधार पर आयकर विभाग में नौकरी पाने के लिए आवेदन किया था।
आवेदन के आधार पर आयकर विभाग की दयामूलक नियुक्ति कमेटी ने नौकरी के 100 में अंक निर्धारित किए थे और इससे संबंधित पत्र वेदप्रकाश के पते पर भेजा था। आठ अप्रैल को जारी यह पत्र 17 अप्रैल को उसके घर पहुंचा, जब त्रियोदशी संस्कार चल रहा था। यह पत्र देख मां माधो शर्मा को फिर से बेटे की याद आ गई और वे बदहवास हो गईं। उनका कहना था कि बेटे को नौकरी मिल जाती तो घर की सारी परेशानी दूर हो जाती। जीवन के संघर्षों के बीच दुश्मनों ने उनके बेटे को जिंदा ही नहीं छोड़ा।
हत्याकांड में एक और अभियुक्त गिरफ्तार
कोतवाली सदर पुलिस ने हत्याकांड में शामिल गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को दिल्ली वाला चौक द्वारिकाधीश गली निवासी कन्हैया को गिरफ्तार किया है। शहर कोतवाल सतेंद्र राघव ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर मेंडू रोड भुस मंडी के पास से कन्हैया को गिरफ्तार किया गया है। वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। पुलिस के मुताबिक वेदप्रकाश की हत्या में वह शामिल है और उस दिन फैक्टरी पर मौजूद था। पुलिस अब शेष अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बी-वारंट दाखिल करेगी पुलिस
कमल व गौरव के दिल्ली में पकड़े जाने के बाद पुलिस अब न्यायिक प्रक्रिया में जुट गई है। दोनों को यहां लाने के लिए दिल्ली कोर्ट में बी-वारंट दाखिल किया जाएगा, जिसके बाद दोनों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया जाएगा। इसके बाद इनका रिमांड लिया जाएगा। कमल व गौरव के दो और साथियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी इस हत्याकांड में मुख्य भूमिका निभाई जा रही है। इनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। करीबियों से पूछताछ की जा रही है।

कमेंट
कमेंट X