Hathras: थूक लगाकर तंदूर में रोटी सेंकने का वीडियो वायरल, होटल मालिक ने लगाया बेटे से मारपीट का आरोप
होटल के मालिक ने कुछ युवकों पर चौथ मांगने का आरोप लगाया है। आरोप है कि एक संगठन के दो युवक उनके होटल पर खाना खाने आए थे। इसके बाद उन्होंने वीडियो बनाई और चौथ के रूप में एक लाख रुपये की मांग करने लगे।
विस्तार
हाथरस के मधुगढ़ी स्थित एक होटल में थूक लगाकर रोटी सेंकने का वीडियो वायरल हो रहा है। मामले में बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख शिवम शर्मा ने 21 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
शिवम शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मधुगढ़ी स्थित एक होटल पर एक व्यक्ति रोटी बना रहा है। वह थूक लगाकर तंदूर में रोटी सेंकता है। इसका उन्होंने वीडियो बनाया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बता दें कि पूर्व में भी मधुगढ़ी में ही एक होटल की इस तरह का वीडियो वायरल हुआ था।
मामले में शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। होटल मालिक की ओर से फिलहाल कोई शिकायत नहीं की गई है। - योगेंद्र कृष्ण नारायण, सीओ सिटी
होटल मालिक ने लगाया चौथ मांगने का आरोप
इधर, होटल के मालिक रमनपुर निवासी शहाबुद्दीन ने कुछ युवकों पर चौथ मांगने का आरोप लगाया है। आरोप है कि एक संगठन के दो युवक उनके होटल पर खाना खाने आए थे। इसके बाद उन्होंने वीडियो बनाई और चौथ के रूप में एक लाख रुपये की मांग करने लगे। इसके बाद लगातार परेशान किया। शुक्रवार की रात एक युवक ने समझौते के बहाने उनके बेटे आसिफ को घर से बुलाया और बीएसए कार्यालय के पास ले जाकर मारपीट की। होटल मालिक का कहना है कि रुपये नहीं देने पर आरोप लगाए गए हैं।
