जालौन। नगर में जगह-जगह अतिक्रमण के कारण लोग जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद नगर पालिका अतिक्रमण हटाने के नाम पर औपचारिकता निभा रहा है। सभासद अन्नू शर्मा, शीला देवी, इकरार राइन, रमाकांत प्रजापति, जयकरन दोहरे व शैलेंद्र दोहरे ने अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई थी। आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर खानापूरी कर अतिक्रमण यथावत छोड़ दिया गया।
एक बार फिर सभासदों व आम जनता ने इस मुद्दे पर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। सभासदों ने बताया कि देवनगर चौराहे से फुटकर सब्जी मंडी होते हुए नत्थू चौराहा, बस स्टैंड से झंडा चौराहा, छोटी माता मंदिर, कोतवाली रोड, कांजी हाउस व छत्रसाल रोड तक अतिक्रमण है। शैलेश रुसिया ने शिकायती पत्र देकर बैठेगंज बाजार, सब्जी मंडी, पानी की टंकी व झंडा चौराहा क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या से लोगों के परेशान होने की बात कही। सड़क पर ठेला व रेहड़ी संचालकों के बीच मार्ग पर दुकान लगाए जाने से रास्ते संकरे हो गए हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। झंडा चौराहा पर हालात सबसे खराब हैं, जहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि कई बार जाम इतना गंभीर हो जाता है कि पैदल निकलना भी कठिन हो जाता है। एंबुलेंस भी समय पर नहीं पहुंच पाती हैं। लोगों ने एसडीएम से मांग की है कि अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, झंडा चौराहा की यातायात व्यवस्था सुधारी जाए, ठेला-रेहड़ी के लिए अलग स्थान तय किया जाए और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर नियमित निगरानी कराई जाए। चेतावनी दी गई है कि जल्द समाधान न होने पर जन आंदोलन किया जाएगा।