मुहम्मदाबाद। डकोर गांव में सरकारी परती भूमि पर बने सार्वजनिक रास्ते पर दोबारा किए गए अवैध कब्जे को राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर हटा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
डकोर गांव के निवासी श्यामचरन, बालवीर और अन्य ग्रामीणों ने तहसील दिवस और डकोर कोतवाली में प्रार्थनापत्र देकर शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि गांव की सरकारी परती भूमि पर स्थित सार्वजनिक रास्ते पर गांव के ही सुरेंद्र पाल यादव और उसके पुत्र शिवपाल ने कब्जा कर रास्ता बंद कर दिया था। ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले 16 अक्टूबर 2025 को भी तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने इसी मामले में तीन अवैध कब्जे हटवाए थे। उस समय बुलडोजर से कार्रवाई की गई थी, लेकिन कब्जाधारियों ने फिर से उसी स्थान पर अतिक्रमण कर लिया।
ग्रामीणों की नई शिकायत मिलने पर, सोमवार को कानूनगो कुंवर बहादुर और लेखपाल अमित कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जे को हटवाया। इस कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि यह रास्ता जंगल की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग है और पूरी तरह सरकारी भूमि पर स्थित है। यहां पहले गोशाला के लिए चारागाह विकसित किया गया था, जिसे अतिक्रमणकारियों ने हटाकर वहां सरसों की फसल बो दी थी। प्रशासन ने सोमवार को फसल हटाकर रास्ते को पुनः खोलवाया। लेखपाल अमित कुमार ने बताया कि अवैध रूप से दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फोटो-21-डकोर में कब्जा घटवाती राजस्व व पुलिस विभाग की टीम। संवाद- फोटो : दुकनहा माइनर ओवरफ्लो होने से कटी पटरी व खेत में जाता पानी।