सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jhansi News ›   Six-lane Jhansi-Kanpur Highway: Overbridges to be built at 21 locations, list submitted to NHAI for survey

Jhansi: सिक्स लेन झांसी-कानपुर हाईवे पर 21 स्थानों पर बनेंगे ओवरब्रिज, सर्वे के लिए एनएचएआई के सुपुर्द की सूची

अमर उजाला नेटवर्क, झांसी Published by: दीपक महाजन Updated Fri, 27 Feb 2026 11:58 AM IST
विज्ञापन
सार

कलक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में 73 एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा की गई।

Six-lane Jhansi-Kanpur Highway: Overbridges to be built at 21 locations, list submitted to NHAI for survey
जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

सिक्स लेन होने जा रहे झांसी-कानपुर हाईवे पर 21 स्थानों पर ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। बृहस्पतिवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में प्रस्तावित स्थलों की सूची एनएचएआई को सौंपी गई। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में वीबी-जी राम जी के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। बैठक में 73 एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा की गई।
Trending Videos


कलक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर आधारित विकास का है। सरकार की मंशा है कि गरीब का कल्याण हो और योजना का लाभ सीधे उसके हाथों में पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे विभागीय योजनाओं की जानकारी और योजनांतर्गत प्राप्त लक्ष्य व किए जा रहे कार्य जनप्रतिनिधियों से साझा करें, ताकि कार्यों का सत्यापन किया जा सके। साथ ही योजनाओं में आ रही समस्याओं को शासन स्तर पर दूर किया जा सके। अधिकारी जन प्रतिनिधियों से लगातार संवाद बनाएं रखें, ताकि योजनाएं अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस दौरान एनएचएआई के कार्यों की समीक्षा करते हुए झांसी-कानपुर सिक्स लेन पर प्रस्तावित 21 ओवरब्रिज की सूची सर्वे के लिए दी गई। यह ओवरब्रिज गोरा मछिया, बचावली, बड़ागांव, बराठा, पारीछा, गुलारा, महेवा तिराहा, पहाही बुजुर्ग, चिरगांव बाईपास प्रथम, चिरगांव बाईपास द्वितीय, बरल, करगुवां, अम्मरगढ़ (अमरा), अटरिया, मोंठ, खिल्ली, पनारी, अमरोख, पूंछ बाईपास प्रथम, पूंछ बाईपास द्वितीय व सेसा में बनाए जाएंगे। प्रस्तावित स्थलों का जल्द सर्वे करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा एनएचएआई को निर्देश दिए गए कि गड्ढों की मरम्मत कराते हुए सड़कों को दुरुस्त किया जाए। अवैध कट बंद करते हुए सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सांसद ने कहा कि वीबी-जी राम जी और आजीविका मिशन-2025 एक नई ग्रामीण रोजगार योजना है, जिसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए पेश किया गया है। इसका ग्रामीण क्षेत्र में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके अलावा उप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते सांसद ने कहा कि ब्लाकों में निर्मित दुकानों को महिला स्वयं सहायता समूह को दें, ताकि उनकी आजीविका में सुधार हो सके। इसके साथ ही एक जिला एक व्यंजन योजना को प्रोत्साहित करने की बात कही। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवास के लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा की जाए, ताकि अपात्र की जानकारी मिल सके। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की जानकारी लेते हुए 18,368 लंबित आवेदनों को प्राथमिकता से लेते हुए जल्द से जल्द जांच किए जाने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन परियोजना की समीक्षा में सामने आया कि जनपद में 10 के सापेक्ष सात परियोजनाएं पूर्ण हो गई हैं। शेष तीन योजनाओं में भी जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि पाइपलाइन डालने के लिए क्षतिग्रस्त की गई सड़कों को ठीक करते हुए आवागमन योग्य बनाया जाए। सूची ग्रामवार जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं, ताकि वे सत्यापन कर सकें।

जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि बैठक में जो भी दिशा-निर्देश अथवा सुझाव दिए गए हैं, उन सभी का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी कार्य समयसीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाएगा।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विधायक रवि शर्मा, विधायक जवाहर राजपूत, एमएलसी रमा निरंजन, रामतीर्थ सिंघल, नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, जेडीसी सुरेश चंद्र केसरवानी, सीएमओ डाॅ. सुधाकर पांडेय, डीएफओ नीरज कुमार आर्या, जेडीए सचिव उपमा पांडेय, एडीएम प्रशासन शिवप्रताप शुक्ल, एडीएम नमामि गंगे योगेंद्र कुमार समेत अन्य विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने किया।


मऊरानीपुर में बनेगा ट्रामा सेंटर, घायल को त्वरित मिलेगा उपचार
दिशा बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने मऊरानीपुर तहसील में ट्रामा सेंटर की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित करने का सुझाव दिया, ताकि दुर्घटनाग्रस्त लोगों को तत्काल उपचारित करते हुए उनके जीवन को बचाया जा सके। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी और प्राइवेट एंबुलेंस से मरीजों को बाहर ले जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार लाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत होने वाले सभी इलाज की जानकारी दिए जाने का सुझाव दिया, ताकि तीमारदार को कोई समस्या न हो।


यह बोले जनप्रतिनिधि...
दिशा बैठक में विधायक रवि शर्मा ने नगर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था पर विभागीय अधिकारियों की पीठ थपथपाई और नगर क्षेत्र के सब स्टेशन की क्षमता वृद्धि पर संतोष जताया। ब्लॉक प्रमुख बंगरा भारती आर्या ने कहा कि हाईवे पर छुट्टा जानवरों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्राम पंचायतों में कैटल कैचर की व्यवस्था है, परंतु उनका उपयोग नहीं हो रहा, उन्होंने सुझाव दिया कि गोवंश को पकड़कर गोशाला में संरक्षित किया जाए। विधायक मऊरानीपुर के प्रतिनिधि दीपक कठैल ने सीएचसी मऊरानीपुर में विधायक निधि से बने वार्ड में गंदगी की शिकायत की। साथ ही प्राइवेट एंबुलेंस के माध्यम से दलालों द्वारा मरीजों निजी अस्पतालों में ले जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की।


मेडिकल के दलालों को जेल भिजवाएंगे : सांसद
दिशा की बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में दलालों का सक्रिय होना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे गलत संदेश जा रहा है। इन पर अंकुश लगाने के लिए कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही एसएसपी को निर्देश दिए गए हैं कि दलालों को पकड़कर जेल भेजा जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed