Kanpur: महिला आईटीआई में आठ ट्रेडों में नहीं होंगे दाखिले, सिर्फ 112 सीटों पर प्रवेश
Kanpur News: लालबंगला स्थित महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में इस सत्र छात्राओं को बड़ा झटका लगा है। शिक्षकों के पद सृजित न होने के कारण आठ ट्रेडों में प्रवेश बंद कर दिए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लालबंगला स्थित महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में इस सत्र में दाखिला लेने की उम्मीद लगाए बैठी छात्राओं को बड़ा झटका लगा है। संस्थान में संचालित होने वाले 12 में से आठ महत्वपूर्ण कोर्सों को बंद कर दिया गया है। स्टेट काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग पोर्टल ने इस बार इन आठ ट्रेडों की सीटें ही जारी नहीं की हैं, जिसके कारण इस सत्र में केवल चार कोर्सों में ही प्रवेश मिल सकेगा।
शिक्षकों के पद सृजित न होना बना कारण
संस्थान सूत्रों के मुताबिक, इन आठ बंद किए गए कोर्सों के लिए स्वीकृत (सृजित) शिक्षकों के पद नहीं हैं। वर्ष 2018 से पिछले साल तक अन्य ब्रांचों के शिक्षक ही मिलकर इन विषयों की पढ़ाई करा रहे थे और दाखिले भी लिए जा रहे थे। लेकिन इस बार पोर्टल पर सीटें न खुलने के कारण दाखिला प्रक्रिया ठप्प हो गई है।
इलेक्ट्रीशियन और कोपा जैसे लोकप्रिय कोर्स हुए बंद
बंद होने वाले कोर्सों में छात्राओं के पसंदीदा ट्रेड शामिल हैं—
-
इलेक्ट्रीशियन
-
स्टेनोग्राफर (हिंदी)
-
रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग
-
इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक
-
मैकेनिक डीजल
-
कंप्यूटर ऑपरेटर प्रोग्रामिंग असिस्टेंट
-
वेल्डर
-
सिलाई टेक्नोलॉजी
अब सिर्फ 112 सीटों पर ही होंगे दाखिले
संस्थान के प्रधानाचार्य चंदन कुमार चौरसिया ने जानकारी दी कि इस बार केवल चार मुख्य ट्रेडों की कुल 112 सीटों पर ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी:
-
फैशन डिजाइनिंग: 48 सीटें
-
ड्राफ्ट्समैन एंड सिविल: 24 सीटें
-
फिटर: 20 सीटें
-
मशीनिस्ट: 20 सीटें
प्रधानाचार्य ने बताया कि इन आठों ब्रांचों में नियमित शिक्षकों के पद सृजित करने के लिए शासन व उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। पद सृजित होते ही भविष्य में इन कोर्सों को पुनः शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।