UP: सचेंडी में गरजे अजय राय…बोले- दूसरे पर चलता बुलडोजर, दरोगा पर क्यों है शांत? दिखावा है 50 हजार का इनाम
Kanpur News: सचेंडी में दुष्कर्म पीड़िता के घर पहुंचे अजय राय ने पुलिस पर आरोपी दरोगा को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विभाग की किरकिरी बचाने के लिए बुलडोजर शांत है। उन्होंने पीड़िता के लिए 50 लाख की मदद और आवास की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस दुष्कर्म के आरोपी दरोगा को बचा रही है। दरोगा के खिलाफ 50 हजार का इनाम दिखावे के लिए किया गया है। कोई और होता तो अब तक बुलडोजर चल चुका होता, लेकिन अपने विभाग की किरकिरी होगी…इसलिए बुलडोजर शांत है। पीड़िता से मिलने नहीं दिया जा रहा…सरकार क्या दिखाना चाह रही है। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार ने ये बातें कहीं। वे सचेंडी में दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात करने आए थे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सरकार और पुलिस को घेरते हुए कहा कि सरकार को यह पता था कि आज मैं बेटी से मिलने आ रहा हूं। पीड़िता घटना की सही जानकारी ना दे सके इसलिए मेरे पहुंचने से पहले पुलिस पीड़िता और उसके भाई को घर से बयान कराने के बहाने यहां से ले गई। प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़िता के पिता से बातचीत की और घटना की जानकारी ली। इस दौरान पीड़िता के पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस आरोपी दरोगा अमित मौर्य को बचाने में जुटी है।
पीड़ित परिवार झोपड़ी बनाकर रहने को मजबूर
लगातार उनको धमकियां मिल रही है। बावजूद इसके उसकी अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आरोपी अगर कोई और होता तो अब तक बुलडोजर चल चुका होता। क्योंकि आरोपी विभाग का व्यक्ति है और पुलिस की छवि धूमिल हो रही है। इसलिए बुलडोजर अभी तक नहीं चला और ना आरोपी की गिरफ्तारी हो पाई। सरकार तत्काल आरोपी दरोगा की गिरफ्तारी कर पीड़िता के परिजनों को 50 लाख रुपये सरकारी आवास दिलाए। पीड़ित परिवार झोपड़ी बनाकर रहने को मजबूर है।
कांग्रेस पार्टी पीड़िता की हर संभव मदद करेगी
इस गांव में ना लाइट है…ना शौचालय है और ना सड़क बनी हुई है। मोदी जी हर घर शौचालय देने की बात करते आवास देने की बात करते, लेकिन इस गांव की हकीकत देखकर लगता है कि मोदी की बात सिर्फ मन की बातें हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़िता की हर संभव मदद करेगी। वीरता की लड़ाई अंत तक लड़ेगी पीड़िता को अगर आर्थिक मदद की जरूरत होगी तो कांग्रेस पार्टी वह भी करेगी। सरकार से उनकी मांग है कि वह पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय दिलाएं और आरोपी दरोगा की गिरफ्तारी अगर जल्द दरोगा गिरफ्तार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरेगी।