Auraiya: देर रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, 30 मुकदमों का इनामी अनुज यादव को लगी गोली, तीन शातिर गिरफ्तार
Auraiya News: औरैया के बिधूना में मुठभेड़ के बाद 30 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर अनुज यादव पुलिस की गोली से घायल होकर गिरफ्तार हुआ है। उसके दो अन्य साथियों को भी दबोच लिया गया है।
विस्तार
औरैया जिले में थाना बिधूना पुलिस और बदमाशों के बीच मंगलवार रात मुठभेड़ हो गई। साहसपुर गांव के पास हुई इस क्रास फायरिंग में शातिर अपराधी अनुज यादव पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर अनुज समेत उसके तीन साथियों को दबोच लिया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से लूटा हुआ मोबाइल, अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि बिधूना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई मोबाइल स्नैचिंग की घटना के बाद से पुलिस सतर्क थी। मंगलवार रात करीब 19-20 मार्च की दरमियानी रात पुलिस टीम ग्राम साहसपुर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक अपाचे बाइक पर चार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए।
एक बदमाश के पैर में लगी गोली
पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने बाइक रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
हिस्ट्रीशीटर है अनुज यादव
पकड़े गए बदमाशों की पहचान अनुज यादव निवासी चकरपुर, यशवीर उर्फ ब्रह्मपाल सेंगर निवासी अजजना और लवेश निवासी नूरपुर खरगपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अनुज यादव बिधूना थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अनुज यादव से एक लूटा हुआ सैमसंग मोबाइल, एक तमंचा, दो कारतूस और अपाचे बाइक और यशवीर सेंगर से एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है।
घायल को जिला अस्पताल रेफर किया
घायल बदमाश अनुज को इलाज के लिए सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया गया है, जहां से जिला अस्पताल औरैया रेफर कर दिया गया। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और आपराधिक इतिहास की और अधिक जानकारी जुटा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और विधिक कार्रवाई जारी है।