औरैया: गरबा में यूट्यूबर का हंगामा, जूते-चप्पल उतारने की कही बात, फिर पंडाल में झूमने लगीं, छिड़ी ये चर्चा
Auraiya News: बेला कस्बे की रहने वाली यूट्यूबर आकांक्षा का एक गरबा-डांडिया कार्यक्रम के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शनिवार रात औरैया शहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आकांक्षा के अचानक झूमने और अजीब व्यवहार करने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
विस्तार
औरैया जिले में गरबा-डांडिया कार्यक्रम में शनिवार रात बेला निवासी यूट्यूबर आकांक्षा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। कार्यक्रम के दौरान उनके अचानक झूमने और अजीब व्यवहार करने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कुछ लोगों ने इसे देवी आने से जोड़कर दावा किया, जबकि कुछ लोग इसे लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
औरैया शहर में शनिवार रात गरबा-डांडिया कार्यक्रम हुआ। यहां पहुंचीं आकांक्षा ने पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा के पास रखे जूते-चप्पलों को लेकर सवाल उठाए और बाद में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो पोस्ट किए। बताया जा रहा है कि इसके कुछ देर बाद वह अचानक झूमने लगीं। इस दौरान वह वहां मौजूद लोगों को जूते-चप्पल उतारने की बात कहते हुए जमीन और प्रतिमा के पास रखी मेज पर हाथ पटकती नजर आईं।
आकांक्षा ने स्वयं देवी आने का कोई दावा नहीं किया
कार्यक्रम में मौजूद कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने इस घटनाक्रम के वीडियो बनाए और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गए। कुछ लोगों ने इसे देवी आने से जोड़कर प्रचारित किया, जिससे मामला चर्चा में आ गया। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आकांक्षा ने स्वयं अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर देवी आने का कोई दावा नहीं किया है।
जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है मामला
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे धार्मिक आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने की बात कह रहे हैं। वहीं, इसे प्रचार पाने की कोशिश बताने वाली चर्चाएं भी हो रही हैं। फिलहाल, घटना को लेकर किए जा रहे दावों की पुष्टि नहीं हुई है। वायरल वीडियो के बाद बेला निवासी यूट्यूबर आकांक्षा का यह मामला औरैया में चर्चा का विषय बना हुआ है।