गाय के मुंह में फटा बम: इलाज के बाद स्थिति स्थिर, सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस, घटनास्थल की फोरेंसिक जांच
काकादेव थाना क्षेत्र में एक गाय के मुंह में बम फट गया था, जिससे जबड़े के चिथड़े उड़ गए थे। सूचना पर पहुंची नगर निगम ने गाय का इलाज शुरू किया था। अब गाय की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में काकादेव के नवीननगर में एक गाय के जबड़े में बम फट गया था, जिससे उसके जबड़े के चीथड़े उड़ गए। गुरुवार देर शाम जब सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल हुआ, तब पुलिस व नगर निगम के अफसर सक्रिय हुए। तत्काल उसका इलाज शुरू कराया गया।
गाय की हालत अब स्थिर है। पुलिस कमिश्नर ने बताया है कि पुलिस जांच कर रही है कि यह किसी की शरारत है या कहीं पड़ा बम गाय ने खा लिया और फट गया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह तो स्पष्ट हो गया कि पटाखा फटने से ही गाय का जबड़ा फटा है।
घटनास्थल की फोरेंसिक जांच भी की जा रही है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। किसी की शरारत सामने आई तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आशंका है कि कूड़े के ढेर में पड़ा पटाखा गाय ने खा लिया और वह फट गया।
कूड़े के ढेर के पास दिखी गाय
कूड़े के ढेर के पास का भी एक वीडियो सामने आया है। इसमें गाय खड़ी दिखाई दे रही है। पुलिस पता कर रही कि कहीं उसी ढेर से पटाखा तो नहीं खा लिया गया ने। पुलिस की शुरुआती जांच में इसकी आशंका अधिक है।
गाय की हालत थी बेहद खराब
फटे हुए जबड़े के साथ गाय की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, तब हर कोई दहल उठा। गाय के जबड़े के चिथड़े उड़े हुए थे और खून की तेज धार बह रही थी। हर किसी ने आक्रोश जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गाय की हालत अब स्थिर है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एक दो और वीडियो मिले हैं। आशंका है कि कूड़े के ढेर में पड़ा पटाखा गाय ने खा लिया और वह फट गया। घटनास्थल की फोरेंसिक जांच भी कराई गई है। - बीपी जोगदंड, पुलिस कमिश्नर