Auraiya: सामने आई बाइक, अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटी अर्टिगा; मासूम समेत कई घायल
Auraiya News: बेला क्षेत्र के पटना नहर पुल के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों ने दौड़कर कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर से सटे खानपुर चौराहा निवासी इबकार उर्फ सानू अपनी अर्टिगा कार से सवारियों को लेकर औरैया से सहार होते हुए तिर्वा जा रहे थे। सुबह करीब 10:45 बजे जैसे ही कार पटना नहर पुल के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार सड़क से उतरकर गहरे गड्ढे में जा गिरी।
हादसे में कार सवार सुनीता, गीता देवी, पार्वती देवी, केसर देवी, सगुना देवी, शारदा देवी और अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आईं। वहीं छह वर्षीय अंशिका देवी का पैर फ्रैक्चर हो गया। बाइक सवार अभिषेक राजपूत निवासी रौदापुर बिधूना भी घायल हुआ है।
घटना की सूचना पर ग्रामीणों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश घायलों की हालत सामान्य बताई गई। गंभीर रूप से घायल अंशिका को बेहतर इलाज के लिए चिचौली अस्पताल रेफर किया गया है।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा को गड्ढे से बाहर निकलवा दिया गया है। पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।