Etawah: लकड़ी माफिया का वनकर्मियों पर हमला, तमंचे से जान से मारने की धमकी, चार नामजद समेत 10 के खिलाफ रिपोर्ट
Etawah News: कंधेसीघार जंगल में अवैध कटान रोक रहे डिप्टी रेंजर सूर्यकांत शुक्ला और वन रक्षक राहुल राजपूत पर 10 लकड़ी माफियाओं ने तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने चार नामजद समेत 10 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटावा जिले के कंधेसीघार जंगल में अवैध कटान रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर लकड़ी माफिया ने गालीगलौज-मारपीट करने के बाद तमंचा दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घने और सुनसान जंगल में घिरे वनकर्मी किसी तरह मौके से अपनी जान बचाकर भागे। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद सहित 10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वन रक्षक राहुल राजपूत ने थाने में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे वह डिप्टी रेंजर सूर्यकांत शुक्ला के साथ रूटीन गश्त पर थे। इसी दौरान रूरा गांव के पास ऊंचाई से देखने पर जंगल के भीतर पेड़ों के कटान की आहट हुई। वन टीम जब मौके पर पहुंची। आरोप है कि मौके पर पंचम उर्फ पंचू, सूरज, भूरे निवासी चिन्डोली, लवेदी, व अंकित निवासी मिहौली, बढ़पुरा अपने अन्य छह साथियों के साथ मिलकर धड़ल्ले से आरा मशीन और कुल्हाड़ी से हरे पेड़ काट रहे थे।
इलाके में नजर आए, तो सीधे गोली मार देंगे
वनकर्मियों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी भड़क गए। देखते ही देखते पंचम और सूरज ने तमंचा निकाल लिया और वनकर्मियों की छाती पर तान दिया। माफियाओं ने धमकी दी कि अगर दोबारा इस इलाके में नजर आए, तो सीधे गोली मार देंगे। जंगल में खुद को अकेला पाकर और माहौल बिगड़ता देख वनकर्मी वहां से पीछे हट गए। वन रक्षक के मुताबिक, माफियाओं ने करीब 20 हरे पेड़ों को काटकर भारी नुकसान पहुंचाया है।
चार नामजद समेत 10 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर
सरकारी टीम के पीछे हटते ही आरोपी कटी हुई लकड़ी समेटकर भाग गए। हालांकि, जल्दबाजी में वह अपनी बिना नंबर प्लेट की बाइक छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस घटना के बाद से वन विभाग के कर्मचारियों में खासा आक्रोश है। थाना प्रभारी बलराम मिश्रा ने बताया कि वन विभाग की तहरीर पर चार नामजद समेत 10 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।