Farrukhabad: फंदे पर लटका मिला ट्रक चालक; बड़ा भाई साढ़े तीन घंटे तक देता रहा 'CPR', अस्पताल में मौत
Farrukhabad News: कमालगंज में ट्रक चालक ने फंदा लगाकर जान दे दी। भाई साढे तीन घंटे तक घर पर ही उसे सांस देकर बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में ट्रक चालक युवक अंगौछा से बने फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने उसे उतारा और घर पर ही भाई मुंह द्वारा सांस देकर जान बचाने की कोशिश करता रहा। हालत में सुधार न होने पर साढ़े तीन घंटे बाद उसे सीएचसी ले गए, तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजन बेहाल हो गए।
कस्बा के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी दिलीप कुमार (30) ट्रक चलाता है। होली के त्योहार के उपलक्ष्य में एक सप्ताह पूर्व ही वह ट्रक खड़ा कर घर आया था। शनिवार रात परिजन के साथ भोजन करने के बाद दिलीप घर के बरामदे में सो गया। उसके पास भांजा अमित लेटा था। रविवार भोर करीब तीन बजे अमित लघुशंका के लिए उठा, तो दिलीप को गायब देख खोजबीन की।
मुंह से सांस देकर जान बचाने की कोशिश
घर के कमरे में अंगौछे से बने फंदे पर दिलीप लटका मिला तो यह देख अमित की चीख निकल गई। शोर सुनकर अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने फंदे से युवक को नीचे उतारा। बड़ा भाई वकील घर पर ही मुंह से सांस देकर जान बचाने की कोशिश करता रहा। जब हालत में सुधार नहीं हुआ] तो सुबह करीब साढ़े छह बजे उसे ठेली से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वहां डॉ. विकास पटेल ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इससे परिजन बेहाल हो गए। युवक के फंदा लगाने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। दिलीप के तीन भाई संजय उर्फ बादशाह, बकील, कुलदीप व दो बहनें संगीत, मीरा हैं। भाई संजय लुधियाना में नौकरी करता है। घटना की जानकारी होते ही कस्बा प्रभारी संदीप कुमार गौतम टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजन से पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है।
