UP: कानपुर में गरजे पूर्व डिप्टी सीएम शर्मा, कहा- भ्रम में डूबी है सपा, राष्ट्रवाद के आगे नहीं टिकेंगे विरोधी
Kanpur News: तुलसी जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा पर पंडितों के अपमान और दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष अब भ्रम की स्थिति में है। साथ ही, उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रवाद की जीत का दावा करते हुए कहा कि आने वाले समय में हर विरोधी को जनता की ताकत का अहसास हो जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में मोती झील स्थित तुलसी उपवन में आयोजित मानस संगम के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर तीखे सियासी बाण छोड़े। उन्होंने कहा कि सपा आज पूरी तरह भ्रम की स्थिति से गुजर रही है।
दिनेश शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का इतिहास रहा है कि उन्होंने हमेशा पंडितों को अपने मंचों और प्रेस कॉन्फ्रेंस से अपमानित कर भगाया है। आज वही लोग ढोंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धा क्रिया और कर्म से होती है, सिर्फ बयानों से नहीं।
विपक्ष पूरी तरह असमर्थ साबित हो रहा
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के सकारात्मक कार्यों और कार्यकर्ताओं के समर्पण का सामना करने में विपक्ष पूरी तरह असमर्थ साबित हो रहा है। विपक्षी नेताओं की बदलती धार्मिक निष्ठा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का उदाहरण दिया।
पूरा परिवार रामलला के दर्शन करने पहुंचेगा
उन्होंने कहा कि जो लोग पहले अयोध्या नहीं जाने की बातें करते थे, वे आज हनुमान चालीसा गाकर अपनी राजनीति चमका रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इटावा का मंदिर भी भव्य बनेगा और पूरा परिवार रामलला के दर्शन करने पहुंचेगा।
राष्ट्रवाद ही जीत का मंत्र
देश के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का हर राष्ट्रवादी नागरिक एकजुट है। जो भी राष्ट्रवाद के विरोध में खड़ा होगा, उसे जनता के भारी आक्रोश और पराजय का सामना करना पड़ेगा।
साहित्य और भक्ति का रहा संगम
इस अवसर पर मानस संगम द्वारा आयोजित संगीत अर्चना और काव्यांजलि कार्यक्रम में साहित्य, भक्ति और संगीत का अद्भुत समावेश देखने को मिला। आयोजकों ने पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु को गोस्वामी तुलसीदास का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।