Hamirpur: तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग को रौंदा, फिर खड़ी कार से जा टकराई, इलाज के दौरान गई जान, तीन हिरासत में
Hamirpur News: मौदहा कस्बे में तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर बैठे बुजुर्ग को रौंद दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमीरपुर जिले में मौदहा कस्बे के कपसा रोड स्थित रहमानिया इंटर कॉलेज के पास देर रात तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित कार ने घर के बाहर बैठे एक बुजुर्ग को रौंद दिया और फिर सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार से जा टकराई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कस्बे के कपसा मार्ग निवासी अरशद उर्फ बाबू (60) पुत्र मुस्ताक अहमद रविवार देर रात बिजली कटौती के कारण अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। तभी कपसा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर उन्हें रौंदते हुए सड़क किनारे खड़ी ब्रेजा कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि खड़ी कार के पीछे लगा बिजली का पोल टूटकर गिर गया और दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया
हादसे में अरशद दोनों कारों के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस भी पहुंची। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मृतक के बहनोई अब्दुल नफीस ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का खंभा तक उखड़ गया। मृतक की बहन तोफा बानो ने बताया कि उनका भाई घर में अकेले रहता था। गर्मी और बिजली कटौती के कारण वह बाहर बैठा था, तभी हादसा हो गया। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।