UP: टिकट चाहिए तो काम दिखाना होगा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की दो-टूक, इंडी गठबंधन का लेकर कही ये बात
Kanpur News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कानपुर में स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में विधायकों को टिकट उनके प्रदर्शन के आधार पर ही मिलेगा। साथ ही, उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा की बड़ी जीत का विश्वास जताते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन जल्द ही बिखर जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधायकों का प्रदर्शन आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उनका टिकट तय करेगा। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में भाजपा के कार्यकर्ता न कहीं नाराज हैं और न किसी ने शिकायत की। उत्तर प्रदेश में भाजपा 2017 से बड़ी जीत 2027 में दर्ज करेगी। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में कुछ समस्याएं दिखी हैं, संगठन उनके बारे में सरकार को बताएगा। यह बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मंगलवार रात स्वरूप नगर स्थित पद्मश्री अशोक साहू के आवास पर पत्रकारों से कहीं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की क्षेत्रीय कार्यकारिणी और क्षेत्रीय अध्यक्षों की जल्द घोषणा होगी। पंकज चौधरी गत रविवार को भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर निकले थे। उनका दौरा कानपुर से शुरू होकर यहीं खत्म हुआ। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा के कमजोर प्रदर्शन और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पंकज चौधरी ने कहा कि उस समय जनता को गुमराह किया गया था। भाजपा ने हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार सहित अन्य राज्यों और हाल ही में पश्चिम बंगाल का चुनाव जीता।
प्रदेश के कानून व्यवस्था की नजीर पूरे देश में दी जाती
बंगाल में जिस तरह से अराजकता, भ्रष्टाचार और परिवारवाद हावी था, उससे नाराज जनता ने टीएमसी को सबक सिखाया। उत्तर प्रदेश की जनता भी जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और माफियावाद को दोबारा पनपने नहीं देगी। जनता देख और समझ चुकी है कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश का हाल कैसा था और उसके बाद स्थिति कैसी है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था के सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि यहां की कानून व्यवस्था की नजीर पूरे देश में दी जाती है।
इंडी गठबंधन में जल्द बड़ी दरार पड़ेगी
चुनाव नजदीक आते देख कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश करेंगे, तो कानून उनसे सख्ती से निपटेगा। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, एमएलसी सलिल बिश्नोई, एमएलए सुरेंद्र मैथानी व नीलमा कटियार, उत्तर इकाई के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इंडी गठबंधन में जल्द बड़ी दरार पड़ेगी और वह बिखर जाएगा।
पीडीए के नारे को भाजपा ही खत्म करेगी
तमिलनाडु में सत्ता की खातिर कांग्रेस ने अपने 40 साल पुराने दोस्त डीएमके का साथ छोड़ दिया। झारखंड में जेएमएम और कांग्रेस के बीच सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। इंडी गठबंधन का भविष्य बहुत उज्जवल नहीं है। उत्तर प्रदेश में सपा के पीडीए के नारे को भाजपा ही खत्म करेगी। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जहां पिछड़े, दलितों, वंचितों और अगड़ों सभी का सम्मान है। अयोध्या के राम मंदिर के दान के पैसे को लेकर जारी आरोप-प्रत्यारोप के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह सरकार का विषय नहीं है। वह ट्रस्ट का विषय है। ट्रस्ट जांच करा रहा है।
देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल की
पंकज चौधरी ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर पद्मश्री अशोक साहू के आवास पर प्रबुद्धजनों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्ष देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। मोदी सरकार का पारदर्शी शासन, मजबूत अर्थव्यवस्था और आधारभूत संरचना के विकास ने भारत को विश्व में नई पहचान दी है। उधर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि प्रधानमंत्री पद पर लगातार सेवा करते रहने का नया कीर्तिमान बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्थापित करेंगे। इस ऐतिहासिक उपलब्धि मंदिरों और मठों में विशेष पूजा-पाठ का आयोजन भाजपा की ओर से किया जाएगा।