Kanpur: ठेकेदार को ऑटो में बंधक बनाकर लूटा, हंसिया मार जीटी रोड पर फेंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
Kanpur News: कनाडा जाने के लिए वीजा प्रक्रिया के सिलसिले में प्रयागराज से कानपुर आए एक ठेकेदार को ऑटो सवार बदमाशों ने चाय पिलाने के बहाने बंधक बना लिया। बदमाशों ने मारपीट कर 78 हजार रुपये, मोबाइल और जरूरी कागजात लूट लिए और विरोध करने पर हंसिया मारकर जीटी रोड पर फेंक दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में कनाडा जाने के लिए वीजा बनवाने प्रयागराज से कानपुर आए ठेकेदार को देर रात ऑटो सवार बदमाशों ने बंधक बनाकर लूट लिया। चाय पिलाने के बहाने ऑटो में बैठाने के बाद बदमाशों ने उससे 78 हजार रुपये, मोबाइल और जरूरी कागजात लूट लिए। विरोध करने पर सिर और पैर में हंसिया मारकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद बदमाश उसे चलती ऑटो से जीटी रोड पर फेंककर भाग निकले।
प्रयागराज के करछना थाना क्षेत्र के रिठईयां गांव निवासी ठेकेदार राजेश पटेल (45) कंपनी के काम से कनाडा जाने की तैयारी कर रहे हैं। वीजा के लिए रुपयों की व्यवस्था करने के बाद वह 13 अगस्त की शाम कानपुर पहुंचे थे। रात करीब दो बजे जीटी रोड स्थित पासपोर्ट ऑफिस के पास आराम कर रहे राजेश को एक ऑटो चालक ने चाय पीने के लिए चलने को कहा। उसके झांसे में आकर राजेश ऑटो में बैठ गए।
चालक ने तेज रफ्तार में ऑटो दौड़ा दिया
घंटाघर पहुंच कर चाय पी। इसी दौरान चालक ने मोबाइल से नंबर मिलाने के बहाने राजेश का फोन लिया और उन्हें दोबारा ऑटो में बैठा लिया। आरोप है कि इसके बाद चालक ने तेज रफ्तार में ऑटो दौड़ा दिया। रायपुरवा में सिटी क्लब के सामने देर रात करीब 2:30 बजे चालक ने ऑटो अचानक दूसरी ओर मोड़ दिया। कुछ दूर जाने के बाद दो अन्य बदमाश भी ऑटो में सवार हो गए और राजेश से मारपीट शुरू कर दी।
चलते ऑटो से जीटी रोड पर फेंक दिया
बदमाशों ने उनसे रुपये, मोबाइल और कागजात लूट लिए। विरोध करने पर सिर और पैर में हंसिया से वार किया जिससे वह लहूलुहान हो गए। इसके बाद राजेश को चलते ऑटो से जीटी रोड पर फेंक दिया। सड़क पर घायल पड़े राजेश को तड़पता देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। रायपुरवा और सीसामऊ पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया।
खंगाले जा रहे हैं सीसीटीवी कैमरों के फुटेज
राजेश का आरोप है कि वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की। 14 अगस्त को परिजन को बुलाकर उन्हें प्रयागराज भेज दिया गया। देर रात पुलिस की चेकिंग के दावों के बीच हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रायपुरवा इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह के अनुसार पीड़ित ने लूट का आरोप लगाया है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।