बदलेगा ग्रीनपार्क: अब उत्तर–दक्षिण दिशा में बनेंगी पिचें, सूरज नहीं करेगा परेशान, 350 करोड़ से होगा पुनर्विकास
Kanpur News: ग्रीनपार्क स्टेडियम में 350 करोड़ रुपये की लागत से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मई से पिचों की दिशा बदलने और आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम लगाने का काम शुरू होगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकेंगी।
विस्तार
कानपुर में वर्ष 1952 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी कर रहा ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम अब बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। 77 वर्षों से पूर्व–पश्चिम दिशा में बनी नौ पिचों का इतिहास बदलते हुए उन्हें उत्तर–दक्षिण दिशा में तैयार किया जाएगा। इनके नए अलाइनमेंट के साथ ही पवेलियन और मीडिया गैलरी में भी बदलाव की संभावना है, क्योंकि वर्तमान में पवेलियन उत्तर-पूर्व दिशा में और मीडिया सेंटर पूर्व दिशा में स्थित है। नए निर्माण के बाद इनकी स्थिति को अंतरराष्ट्रीय मानकों और सूरज की रोशनी के हिसाब से अनुकूल किया जा सकता है।
स्टेडियम के पुनर्विकास के लिए 350 करोड़ रुपये का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें पहले चरण के लिए शासन से 45 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। पहले चरण में मैदान और पिचों का कार्य प्राथमिकता पर रखा गया है। कुल नौ नई पिच तैयार की जाएंगी, जिनमें एक लाल मिट्टी की पिच भी शामिल होगी। नई पिच खिलाड़ियों को बेहतर दृश्यता और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल की परिस्थितियां प्रदान करेंगी। मंडलायुक्त ने बताया कि पहले चरण के कार्यों का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और अप्रैल तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
कम रोशनी की शिकायत भी होगी दूर
यदि सब कुछ समय पर रहा, तो मई से निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। जीर्णोद्धार की योजना इस प्रकार बनाई गई है कि निर्धारित मैचों के आयोजन पर कोई असर न पड़े। नई योजना में स्टेडियम में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम भी लगाया जाएगा। अभी तक बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश भी मैच में व्यवधान डाल देती थी, लेकिन नई प्रणाली लागू होने के बाद बारिश रुकने के 15 मिनट के भीतर खेल दोबारा शुरू कराया जा सकेगा। फ्लड लाइट व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे कम रोशनी की शिकायत दूर होगी।
सूरज की रोशनी से खिलाड़ियों को होती थी परेशानी
खेल के नियमों के अनुसार पिच का निर्माण उत्तर–दक्षिण दिशा में होना चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को सूरज की रोशनी से परेशानी न हो। पहले कई मैचों में पूर्व–पश्चिम दिशा की पिचों के कारण खिलाड़ी प्रभावित होते रहे हैं। इसके अलावा देश के अन्य सभी स्टेडियम में उत्तर–दक्षिण दिशा की पिच ही बनाई गई हैं।
बजट अप्रैल में जारी कर दिया जाएगा। इससे पहले टेंडर के माध्यम से होने वाले कार्यों को तय किया जाएगा। इसमें मैदान, पवेलियन, लाइट समेत सभी कार्य शामिल हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात ग्रीनपार्क में अभी तक जो भी पिच बनी थी, वह पूर्व से पश्चिम दिशा में थी। इससे खिलाडि़यों को मैच के दौरान दिक्कत होती थी। इसी को देखते हुए सभी नौ पिचों को उत्तर से दक्षिण दिशा में बनाने का प्रस्ताव बनाया है। इससे भविष्य में बेहतर मैच का आयोजन किया जाएगा। -डॉ. संजय कपूर, चेयरमैन यूपी टी-20 लीग
