Kanpur: कमला क्लब की लीज हुई खत्म, उन्नाव में बनेगा यूपीसीए का नया क्रिकेट सेंटर, मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
Kanpur News: लीज खत्म होने के कारण यूपीसीए कानपुर का कमला क्लब खाली कर रहा है और अब उन्नाव के मुर्तजा नगर में 13 हेक्टेयर जमीन पर विश्वस्तरीय स्टेडियम व ट्रेनिंग सेंटर बना रहा है।
विस्तार
कमला क्लब की लीज समाप्त होने के चलते उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) अब कानपुर की जगह उन्नाव में अपनी क्रिकेट गतिविधियों का केंद्र तैयार कर रहा है। उन्नाव के मुर्तजा नगर क्षेत्र में स्थित एसोसिएशन की जमीन पर नए स्टेडियम का निर्माण शुरू हो चुका है। संभावना जताई जा रही है कि आगामी सत्र के ट्रायल भी इसी नए स्थल पर आयोजित होंगे। इसे बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।
कमला क्लब की लीज खत्म होने के बाद यूपीसीए को परिसर खाली करना पड़ रहा है, जिसके चलते एसोसिएशन अब अपनी लगभग 13 हेक्टेयर जमीन को विकसित करने में जुट गया है। सूत्रों के अनुसार वर्तमान में कमला क्लब में संचालित यूपीसीए मुख्यालय को भी स्थानांतरित किया जा सकता है। चर्चा है कि इसे कमलानगर स्थित पुराने कार्यालय में शिफ्ट किया जाएगा, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक निर्णय होना बाकी है। वर्ष 1928 से बीसीसीआई से संबद्ध यूपीसीए लंबे समय तक कमला क्लब और ग्रीनपार्क स्टेडियम में क्रिकेट गतिविधियों का संचालन करता आ रहा है।
मैदान और पिच किए जा रहे हैं तैयार
जेके समूह की ओर से उपलब्ध कराए गए कमला क्लब परिसर ने दशकों तक प्रदेश क्रिकेट को दिशा दी। अब इस परिसर में होटल निर्माण की योजना के चलते यूपीसीए को नई राह चुननी पड़ी है। इसी क्रम में यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने उन्नाव के जिलाधिकारी गौरांग राठी से संपर्क कर आवश्यक प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित किया, जिसके बाद निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है। पिच क्यूरेटर भूपेंद्र की देखरेख में मैदान और पिच तैयार किए जा रहे हैं।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगा नया स्टेडियम
यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि उन्नाव में बन रहा नया केंद्र खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगा। यहां विशेषज्ञ कोच, फिजियो और ट्रेनिंग स्टाफ उपलब्ध रहेगा। चोटिल खिलाड़ियों के लिए रिहैबिलिटेशन सेंटर भी बनाया जाएगा। परिसर में लाल और काली मिट्टी की पिच, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और लगभग 150 खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था होगी।
कमला क्लब की लीज समाप्त होने के बाद उन्नाव में स्टेडियम निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। जल्द ही यह नया केंद्र आधुनिक सुविधाओं से लैस एक प्रमुख हब के रूप में विकसित होगा, हालांकि इसे पूर्ण रूप से तैयार होने में अभी समय लगेगा। -प्रेम मनोहर गुप्ता, सचिव, यूपीसीए