कानपुर: नए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने देर रात संभाला कार्यभार, डीएम ने पुष्पगुच्छ देकर किया स्वागत
Kanpur News: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत आईएएस एस. राजलिंगम को वाराणसी से स्थानांतरित कर कानपुर का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। उन्होंने देर रात कार्यभार संभाल लिया है, जिसके बाद डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने सुबह उनका स्वागत किया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस फेरबदल के तहत कानपुर और वाराणसी के मंडलायुक्तों के अलावा भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली के जिलाधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं।
शासन ने वाराणसी के मंडलायुक्त पद पर रहे एस. राजलिंगम को अब कानपुर मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया है। उन्होंने देर रात ही अपना नया कार्यभार संभाल लिया, जबकि मंगलवार सुबह कानपुर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। वहीं, कानपुर के मंडलायुक्त रहे के. विजयेंद्र पांडियन को अब वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है।
2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं एस. राजलिंगम
वर्ष 2009 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी एस. राजलिंगम मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले हैं। उन्होंने प्रतिष्ठित एनआईटी तिरुचिरापल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। प्रशासनिक सेवा में अपनी बेहतरीन कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले राजलिंगम को 2022 को वाराणसी का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया था।
