‘हैवान’ प्रधानाचार्य: तीन मासूम बच्चियों से अश्लीलता, कोचिंग की आड़ में करता था घिनौनी करतूत, ऐसे खुला मामला
Kanpur Principal Child Abuse Case: पनकी में आरएस किड्स प्री स्कूल के प्रधानाचार्य ब्रजेश पाल पर अपनी तीन छात्राओं के साथ अश्लीलता करने का आरोप लगा है। अभिभावकों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में कोचिंग पढ़ाने के बहाने प्री-स्कूल के प्रधानाचार्य ने एक, दो नहीं बल्कि तीन बच्चियों के साथ अश्लीलता की। अभिभावकों ने जब प्रधानाचार्य से विरोध जताया तो उसने धमकाकर उन्हें भगा दिया। इसके बाद अभिभावकों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना प्रभारी दिनेश बिष्ट ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे पकड़ लिया गया है। पनकी के एक मोहल्ले में रहने वाले आठ साल की बच्ची के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कक्षा चार की छात्रा है। वह शिवनगर गंगागंज कालोनी स्थित आरएस किड्स प्री स्कूल में कोचिंग पढ़ने जाती है।
टीचर बेहद गंदी हरकतें करते हैं
शनिवार को जब उन्होंने बेटी से कोचिंग जाने के लिए कहा तो उसने रोते हुए इन्कार कर दिया। इस पर उन्होंने बच्ची को डांटा, तो बेटी ने रोते हुए अपनी मां से बताया कि टीचर ब्रजेश पाल उसके साथ बेहद गंदी हरकतें करते हैं। इतना ही नहीं उसकी दो और सहेलियों के साथ भी ऐसा ही करते हैं।
आरोपी ने धमकाकर भगा दिया
इस पर बच्ची के पिता बेटी की सहेलियों के अभिभावकों से मिले और उन्होंने भी जब अपनी बच्चियों से पूछा तो सभी ने टीचर की गंदी हरकतें बयां की। इसके बाद तीनों के अभिभावक जब शिकायत करने प्री-स्कूल पहुंचे, तो आरोपी ने उन्हें धमकाकर भगा दिया।
आरोपी ब्रजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की
इस पर देर शाम तीनों ने एक साथ थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। जिस पर सोमवार को पुलिस ने मामले में आरोपी ब्रजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पीड़ित अभिभावकों ने बताया कि करीब 48 वर्षीय बृजेश अपने ही मकान में कक्षा पांच तक का प्री-स्कूल चलाता है। उनकीं बच्चियां उसी के स्कूल में पढ़ने के अलावा दोपहर को उससे कोचिंग पढ़ने भी जाती थी।
ठसक के साथ समझौते के लिए पहुंचा था चौकी
शनिवार शाम जब आरोपी ब्रजेश के खिलाफ थाने में शिकायत की गई, तो वह भी अपने साथ कुछ प्रभावशाली लोगों को लेकर सीधे चौकी पहुंच गया। जहां पर उसने बच्चियों के अभिभावकों पर समझौते का दबाव डाला, लेकिन अभिभावकों व उनके साथ आई भीड़ का गुस्सा देख पुलिस ने भी किसी तरह की कोताही करना उचित नहीं समझा और उसे तत्काल हिरासत में लेकर सीधे पनकी थाने पहुंचा दिया।
घटना से इलाकाई लोगों में आक्रोश
सोमवार को जब इलाकाई लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उनमें आक्रोश छा गया। करीब 20-25 लोगों की भीड़ दोपहर को स्कूल के बाहर तोड़फोड़ करने पहुंची गई, लेकिन कुछ लोगों ने भीड़ को समझाया कि आरोपी पकड़ गया है और स्कूल भी बंद हो गया है। ऐसे में कुछ करना ठीक नहीं है। इस पर भीड़ लौट आई।
अभिभावकों की सतर्कता से बच गया एक और दिव्या कांड
आरोपी ब्रजेश की करतूत सामने आने पर इलाकाई लोगों का कल्याणपुर थाना क्षेत्र में करीब 16 साल पूर्व हुआ दिव्या कांड याद आ गया। लोगों ने बताया कि छात्रा दिव्या के साथ भी कई दिनों तक स्कूल संचालक ऐसी ही गंदी हरकतें करता रहा होगा, जिसने अंत में बच्ची की जान ही ले ली थी।
इलाज के दौरान बच्ची ने तोड़ दिया था दम
ऐसे हैवानों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। बता दें कि 2010 में रोशन नगर के भारतीय ज्ञान स्थली स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा पांच की छात्रा दिव्या के साथ भी स्कूल संचालक ने दुष्कर्म किया था। खून से सनी स्कूल की यूनिफॉर्म में जब बच्ची घर पहुंची, तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई थी। बाद में इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया था।
मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अभिभावकों की तहरीर पर आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे पकड़ा गया है। यदि कोई अन्य अभिभावक भी शिकायत देगा तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। -एसएम कासिम आबिदी, डीसीपी पश्चिम