Kanpur: चकेरी के अहिरवां में सुरंग बनाकर पांच लाख की चोरी, दो शातिर चोर और सराफ गिरफ्तार
Kanpur News: कानपुर। चकेरी थानाक्षेत्र के अहिरवां में सुरंग बनाकर ज्वैलर्स की दुकान से पांच लाख की चोरी के मामले में पुलिस ने दो शातिर चोर समेत एक सराफ को गिरफ्तार कर लिया।आरोपियों से पास से घटना में प्रयुक्त बाइक व सुरंग खोदने में इस्तेमाल साबड़ समेत, चांदी व आर्टिफिशियल जेवरात बरामद किए है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों के कैद होने पर उन्होंने यक्ष एप से मदद ली और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है।
विस्तार
कानपुर चकेरी थानाक्षेत्र के अहिरवां में सुरंग बनाकर ज्वैलर्स की दुकान से पांच लाख की चोरी के मामले में पुलिस ने दो शातिर चोर समेत एक सराफ को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि ओमपुरवा लाल बंगला निवासी सोनू वर्मा की अहिरवां के न्यू पटेल नगर में खाटू ज्वैलर्स नाम से दुकान है। बीती 16 मार्च की रात में वह दुकान बंद करके घर आ गए थे। अगले दिन पड़ोसी ने उनको चोरी की सूचना दी। जानकारी पाकर वह दुकान में पहुंचे तो पीछे खाली प्लाट से सुरंग बनाकर चोर अंदर दाखिल हुए थे। चोर करीब एक किलो चांदी, आठ ग्राम सोना और लगभग 50 हजार कैश समेत पांच लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गया। इतना ही नहीं, दुकान में लगे दो सीसीटीवी कैमरे समेत डीवीआर भी उखाड़ ले गए थे। पुलिस ने मूलरूप से फतेहपुर, हाल में राजीव नगर नौबस्ता मछरिया निवासी मो. शकील, नौबस्ता मछरिया निवासी धर्मेंद्र गौतम उर्फ जावेद को गिरफ्तार कर लिया है।
चोरी का माल खरीदने वाला सर्राफ भी गिरफ्तार
आरोपियों ने चोरी का माल बेकनगंज निवासी ज्वैलर्स शाह कमाल को बेचा था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सराफा को भी गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास स 130 ग्राम चांदी, एक जोड़ी पाय, एक 500 का चांदी का नोट, 159 आर्टिफिशियल ज्वैलरी, एक डीवीआर बरामद की है।
मुख्य आरोपी डिलीवरी बॉय का करता था काम
पुलिस के मुताबिक घटना का मुख्य आरोपी मो. शकील है। वह पहले अहिरवां में ही रहता था, जिस कारण आसपास के इलाकों की पूरी तरह से जानकारी थी। घटना के दौरान आरोपी डीवीआर ले गए थे। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कैद हो गए थे। यक्ष एप की मदद से पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा।