Unnao: जौनपुर में भीषण सड़क हादसा, काशी विश्वनाथ से लौट रहे शहर के दो युवकों की मौत; तीन गंभीर
Unnao News: वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कर उन्नाव लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार तड़के बक्सा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। भीषण हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काशी विश्वनाथ धाम में बाबा भोलेनाथ का दर्शन-पूजन कर वाराणसी से वापस अपने घर लौट रहे उन्नाव के श्रद्धालुओं की कार सोमवार भोर में जौनपुर जिले के वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई।
बक्सा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास खड़े एक ट्रक में पीछे से अनियंत्रित वैगनआर कार जा घुसी। भीषण हादसे में उन्नाव शहर की विकास कॉलोनी निवासी दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले थे सभी पांचों दोस्त
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी अनिल शुक्ला, अखिलेश शुक्ला, शोभित शुक्ला, संदीप मिश्रा और शोभित श्रीवास्तव एक साथ वैगनआर कार में सवार होकर वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन करने गए थे। सावन के सोमवार पर दर्शन-पूजन के बाद सभी दोस्तों ने मंदिर परिसर के बाहर एक साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई थी। दर्शन के बाद सोमवार तड़के सभी कार से वापस उन्नाव लौट रहे थे।
जौनपुर में खड़े ट्रक में पीछे से घुसी कार, उड़े परखच्चे
सोमवार भोर में जैसे ही उनकी कार जौनपुर के बक्सा क्षेत्र में कुल्हनामऊ गांव के पास नेता ढाबा के सामने पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कार ट्रक के नीचे फंस गई। हादसे में अनिल शुक्ला और अखिलेश शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शोभित शुक्ला, संदीप मिश्रा और शोभित श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों में मचा कोहराम, जौनपुर रवाना हुए परिजन
सूचना पर पहुंची जौनपुर की बक्सा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की जानकारी जैसे ही उन्नाव स्थित आवास विकास कॉलोनी में परिजनों को मिली, इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। रोते-बिलखते परिजन जौनपुर के लिए रवाना हो गए हैं।