यूपी भीषण सड़क दुर्घटना: जालौन में मौत का तांडव, अब तक 8 लोगों ने गंवाई जान; महरौनी में मचा कोहराम
Jalaun News: जालौन जनपद में सोमवार तड़के हुआ भीषण सड़क हादसा अब और भी दर्दनाक हो गया है। कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हुपुर मोड़ के पास हुए इस हादसे में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 8 हो गई है।
विस्तार
कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हुपुर मोड़ के पास हुई इस दुर्घटना में मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अस्पताल में उपचार के दौरान एक और गंभीर घायल ने दम तोड़ दिया है, जिससे इस हादसे में मृतकों की कुल संख्या अब 8 पहुंच गई है। अयोध्या से रामलला के दर्शन कर लौट रहे ललितपुर के एक ही परिवार के आठ सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
इलाज के दौरान थमीं सांसें
हादसे के तुरंत बाद मौके पर और स्थानीय अस्पताल में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। वहीं, दो घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए रेफर किया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद, उपचार के दौरान दोनों घायलों ने एक-एक कर दम तोड़ दिया। सोमवार दोपहर बाद हुई इन मौतों की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। 10 सवारों में से अब केवल दो लोग ही अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
अयोध्या से लौटते वक्त 'काल' बनी नींद की झपकी
मिली जानकारी के अनुसार, ललितपुर जनपद के महरौनी निवासी तिवारी परिवार के 10 सदस्य कार से अयोध्या दर्शन करने गए थे। रविवार को दर्शन पूजन के बाद सभी बेहद खुश थे और रात में वापस अपने घर के लिए रवाना हुए थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे जब उनकी कार कालपी क्षेत्र के जोल्हुपुर मोड़ के पास पहुंची, तभी चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। रफ्तार तेज होने के कारण कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक अज्ञात भारी वाहन में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग लहूलुहान होकर भीतर ही फंस गए।
एक घंटे तक केबिन में फंसी रही जिंदगी
हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया था। चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल होकर कार के मलबे में फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ घायल करीब एक घंटे तक कार के केबिन में फंसे तड़पते रहे। बाद में कालपी कोतवाली पुलिस ने गैस कटर और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। दो अन्य घायलों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था। मौके पर मचे कोहराम और सड़क पर बिखरे खून को देखकर हर किसी की रूह कांप गई।
परिवार में मचा कोहराम, गांव में शोक की लहर
हादसे का शिकार हुए सभी लोग ललितपुर के महरौनी के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य थे। मृतकों और घायलों की पहचान शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी, अंशुल तिवारी, स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज और देशराज के रूप में हुई है। जैसे ही यह खबर महरौनी पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जो लोग खुशियां मनाते हुए दर्शन कर लौट रहे थे, उनके घर अब केवल चीत्कार सुनाई दे रही है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद जिस वाहन से कार की टक्कर हुई थी, वह चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उस वाहन का पता लगाया जा सके। कालपी कोतवाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का उपचार जारी है।
