सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Fatehpur News ›   Walls and Roofs Collapse in the Wake of Storm; 20 Dead in Fatehpur, Unnao, and Kanpur Dehat

मौसम का तांडव: आंधी के बाद कहीं दीवार तो कहीं छत ढही, फतेहपुर, उन्नाव समेत चार जिलों में 20 लोगों की मौत

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर Published by: Shikha Pandey Updated Thu, 14 May 2026 05:54 PM IST
विज्ञापन
सार

यूपी के कई शहरों में मौसम का तांडव देखने को मिला। तेज धूल भरी आंधी के बाद कहीं दीवार गिर गई तो कहीं छत ढह गई। हरदोई, फतेहपुर, उन्नाव और कानपुर देहात में 20 लोगों की जान चली गई। 

Walls and Roofs Collapse in the Wake of Storm; 20 Dead in Fatehpur, Unnao, and Kanpur Dehat
आंधी का कह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

यूपी में अचानक मौसम ने करवट लिया और फिर जमकर तांडव मचाया। कहीं दीवार गिरी, कहीं छप्पर तो कहीं पेड़ गिरे। हरदोई में दो, उन्नाव जिले में छह, फतेहपुर में 10 और कानपुर देहात में दो लोगों की मौत हुई है। 

Trending Videos


तूफान ने बरपाया कहर, चार की मौत
उन्नाव जिले में 20 मिनट के तूफान ने जमकर कहर बरपाया। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में चार लोगों की मौत हो गई। आसीवन थानाक्षेत्र के बाबाखेड़ा निवासी अंश (9) पुत्र जगदीश भी अन्य बच्चों के साथ वहीं खेल रहा था। दोपहर करीब दो बजे अचानक से आई तेज आंधी से पास में खड़ा यूकेलिप्टस का पेड़ अंश पर गिरने के साथ अन्य बच्चों को भी चपेट में ले लिया। घटना की अंश की दबकर मौत हो गई। साथ ही बरहाखुर्द गांव निवासी रजेपाल (42) और मकबूलखेड़ा निवासी अमित (30) पुत्र लक्ष्मण उसी में दब गए। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईड्रा की मदद से पेड़ उठवाकर सभी को बाहर निकलवाया और मियागंज सीएचसी भेजा।
विज्ञापन
विज्ञापन


दही थानाक्षेत्र के सिंघूपुर गांव निवासी रामआसरे (70) के गांव के बाहर खेत हैं। खेत में आम का पेड़ लगा था। बुधवार को वह खेत पर ही थे, तभी आई तेज आंधी से आम का पेड़ उन्हीं पर गिर गया और उसी के नीचे दब गए। घटना का पता चलने पर बेटा रविशंकर पिता को जिला अस्पताल लेकर गया, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसी क्षेत्र के पोंगहा गांव में सियाराम पुत्र कन्हई व मैता में विनोद कुमार पुत्र रामनरेश पर दीवार गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

वृद्ध समेत दो और की मौत, आंधी के दौरान मरने वालों की संख्या छह हुई
उन्नाव में सदर तहसील के अकबरपुर दबौली गांव में पेड़ गिरने से चपेट में आकर 65 साल के बुजुर्ग छंगा की मौत हो गई। वहीं मियागंज ब्लॉक में आसीवन थाना के मकबूलखेड़ामें यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से घायल हुए बरहाखुर्द गांव के रजेपाल (42) की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Walls and Roofs Collapse in the Wake of Storm; 20 Dead in Fatehpur, Unnao, and Kanpur Dehat
रुचि की फाइल फाोटो - फोटो : अमर उजाला

आंधी संग बारिश, बिजली व दीवार गिरने से दो की मौत
कानपुर देहात के कुछ हिस्सों में बुधवार दोपहर में आंधी संग बारिश व ओलावृष्टि हुई। रसूलाबाद के भौथरी में बारिश होने पर बकरियां चराने गई रामबहादुर की पुत्री रुचि (19) नजदीक ही रामकुमार दिवाकर के खेत पर लगे नीम में पेड़ के नीचे बकरियां लेकर पहुंच गई। वहां पहले से भौथरी गांव निवासी रामचंद्र (60) मौजूद थे। बिजली गिरने से रुचि मौत हो गई। बुजुर्ग रामचंद्र मामूली रूप से झुलस गए। चपेट में आकर रुचि की 19 बकरियां, रामचंद्र की 13 बकरियां व नयापुरवा निवासी राधेश्याम की एक बकरी मर गई। झुलसे रामचंद्र को अस्पताल भेजा गया है। वहीं, बरौर थाना के कुटरा में रिश्तेदार के यहां एक शादी समारोह में शामिल होने आई डेरापुर थाना के गुरियापुर निवासी नाथूराम की पुत्री सौम्या (10) बुधवार की दोपहर बाद लगभग दो बजे कच्ची बनी दीवार के पास खड़ी थी। तेज आंधी आने से दीवार गिरने से वह मलबे में दब गई। जब तक लोगों ने निकाला तब तक उसकी मौत हो गई। एडीएम वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार ने बताया कि रसूलाबाद में बिजली गिरने से युवती की मौत व पशुहानि पर एसडीएम रसूलाबाद से रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं बरौर की घटना में भी तहसील से रिपोर्ट मांगी गई है। नियमानुसार प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद दी जाएगी।

Walls and Roofs Collapse in the Wake of Storm; 20 Dead in Fatehpur, Unnao, and Kanpur Dehat
मृतक ननकू की फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला

आफत बनकर आई आंधी, जिले में 10 लोगों की हुई मौत

तेज गति से बुधवार शाम आई आंधी से एक किशोर समेत 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि 16 लोग घायल हो गए। इसके अलावा तीन भैंस और पांच बकरियों की भी जान गई है। आंधी से 22 पेड़ व 12 बिजली पोल टूट कर गिर गए हैं। प्रशासन की ओर से राहत बचाव कार्य कराया जा रहा है। वहीं, खागा सीएचसी परिसर में खड़ी कार के ऊपर पेड़ गिर गया। इससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। कई जगहों पर बिजली व्यवस्था भी कई घंटे के लिए बाधित हो गई। राजस्व और पुलिस टीमें मौके पर घटना का जायजा लेने पहुंची।

हथगाम प्रतिनिधि के अनुसार गाजीपुर थानाक्षेत्र के डुंडरा गांव निवासी विजय बहादुर गौतम का पुत्र ऋतिक गौतम (15) अपनी मां कविता के साथ नाना जियालाल के घर हथगाम थाने के कासिमपुर कटरा गांव कई दिन पहले आया था। तेज आंधी पड़ोसी की दीवार ढहने में दबकर ऋतिक की मौत हो गई। हथगाम थाने के चल्थरा गांव निवासी स्व. अहमद अली की पत्नी उमैरा बेगम (65) घर की तीसरी मंजिल पर थीं। तेज आंधी के झोंके में वह अनियंत्रित होकर दूसरी मंजिल की छत में गिरी। सिर में गंभीर चोट लगी। परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हथगाम मनमोहनपुर गांव निवासी वासुदेव (70) खेत से घर जा रहे थे। रास्ते में पेड़ की डाल फटकर बुजुर्ग पर गिरी। सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही उनकी सांसे थम गई। हुसैनगंज प्रतिनिधि के थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव निवासी दुर्योधन लोधी की पत्नी सियाकली (55) अपने दरवाजे पर छप्पर के नीचे बैठी थी। छप्पर पक्की दीवार की सहारे लटका था। आंधी आने पर सियाकली के पड़ोस में बरात में आई महिलाओं बम्हरौली गांव की धीरज की पत्नी कल्पना (25), असोथर थाने के खैरहा गांव के यशराज की पत्नी श्रीदेवी, पुत्र शिवांश(8), खागा कोतवाली के पाम्भीपुर गांव के चंद्रपाल की पत्नी अनारकली भी छप्पर के नीचे बैठ गए। आंधी में दीवार गिरने से सियाकली की मौत हो गई। बाकी चारों घायल हो गए।

खागा प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के बसंता का पुरवा मजरे संवत गांव के सुमेर पाल की पुत्री ननकी पाल (22) घर की छत पर गेहूं समेटने गई थी। इसी दौरान तेज आंधी आने पर पड़ोसी की नवनिर्मित दुमंजिला मकान की दीवार ढह गई। सिर में गंभीर चोट लगने से ननकी की मौत हो गई। हथगाम थाना क्षेत्र के रामपुरमून गांव निवासी वीरेंद्र का पुत्र अमन (5) दीवार ढहने दबकर घायल हुआ। थाने के ही सभापुर गांव में चंद्रकेश (55) जंगल गया था। आम बीनने के दौरान आंधी टूटी डाल की चपेट में आने से घायल हो गया। वहीं, सुल्तानपुर घोष थानाक्षेत्र की मड़ईहार मजरे बैंगाव निवासी बाबूलाल अपनी पत्नी गंगा देवी (70) अपने दरवाजे पर टिनशेड के नीचे बैठी। आंधी में टिनशेड ढहने में दबकर घायल हो गईं। इसी तरह सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र मंडवा गांव निवासी अब्दुल जलील उर्फ बन्ने बाबू (82) अपने छत पर फैले गेंहू समेट रहे थे। पड़ोसी गुलाब सोनी की दीवार ढहने में दबने से मौत हो गई। उधर, थानाक्षेत्र के दुर्गनीपुर गांव निवासी रमेशचंद्र पासवान की पत्नी प्रेमा देवी (45) घर के पीछे बंधी भैंस खोलने गई थी। नजदीक में पेड़ की डाल टूट गई।

महिला को परिजन गंभीर हालत में खागा सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। धाता संवाद के अनुसार क्षेत्र में के घटईपुर गांव निवासी रणजीत सिंह(60) अपना घर बनवा रहे थे। तेज आंधी से निर्माणाधीन दीवार उनके ऊपर गिर गई। इसके नीचे दबने से गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के लोग घायल को प्रयागराज के एक अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका बेटा सुशील सिंह अध्यापक है। खखरेरू संवाद के अनुसार बैरी गांव में तेज आंधी के दौरान पेड़ की डाल गिरने से गांव के अजय कुमार की 12 वर्षीय पुत्री सोनी घायल हो गई। वह जंगल बकरी चराने गई थी। उसका इलाज कौशाम्बी जिले के मंझनपुर में चल रहा है। हथगाम थाने के बजरहा का पुरवा मजरे पट्टीशाह गांव में 61 वर्षीय बतासा देवी पत्नी घूरे में काम कर रही थीं। इस दौरान उनके ऊपर महुआ की डाल गिरने से मौत हो गई। एडीएम प्रशासन अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि सभी एसडीएम, तहसीलदार व राजस्वकर्मियों को डीएम ने क्षेत्र में रहकर राहत बचाव कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। मृतकों को दैवीय आपदा आर्थिक मदद दी जाएगी।
 

आंधी में दीवार गिरने से मलबे में दबकर मासूम की मौत
हरदोई में बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के रूपपुर में बुधवार दोपहर आई आंधी में दीवार ढह गई। इसमें दबकर मासूम की मौत हो गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। रूपपुर निवासी नरेश खेती करते हैं। बताया कि उनकी बेटी देवकी (11) गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच की छात्रा थी। बुधवार दोपहर शौच के लिए जा रही थी। इस दौरान आंधी आ गई। आंधी के कारण रास्ते में एक शख्स की पक्की दीवार ढह गई। इसके मलबे में देबकी दब गई। शोर सुनकर आस पास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर देवी को निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हाे चुकी थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल मार्कंडेय सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
 

कंडा निकालने गईं बहनों पर गिरी बिजली, एक की मौत
हरदोई में कछौना कोतवाली क्षेत्र के आंट गांव में बुधवार दोपहर कंडा निकालने गईं सगी बहनों पर बिजली गिर गई। दोनों को सीएचसी कोथावां ले जाया गया। यहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। दूसरी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

आंट निवासी छोटे खेती करते हैं। उनकी पत्नी कमला गांव के ही परिषदीय विद्यालय में रसोइया हैं। छोटे की पुत्री अंकिता (14) गांव के ही विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। बड़ी बेटी जूली (16) आठवें तक की पढ़ाई करने के बाद घर में ही रहती हैं। छोटे ने बताया कि अंकिता बुधवार को स्कूल नहीं गई थीं। अंकिता और जूली दोपहर में घर से कुछ ही दूरी पर लगी बठिया से कंडे निकालने गई थीे। इसी दौरान बिजली गिरने से दोनों झुलस गईं। दोनों को सीएचसी कोथावां ले गए। यहां चिकित्सक ने अंकिता को मृत घोषित कर दिया। जूली का एक हाथ झुलसा है। अंकिता की मौत की जानकारी पर परिजन बदहवास हो गए। कोथावां सीएचसी प्रशासन की सूचना पर पुलिस नेशव कब्जे में ले लिया। सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि घटना संज्ञान में है। राजस्व विभाग को भी सूचना दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed