Kaushambi : पेट की बीमारी से परेशान किशोरी ने फंदे से लटककर दी जान, घर के बरामदे में लटका मिला शव
कोखराज क्षेत्र के कशिया गांव में सोमवार सुबह पेट की बीमारी से परेशान एक किशोरी ने घर के बरामदे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद उसका शव बरामदे में लटका मिला तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
विस्तार
कोखराज क्षेत्र के कशिया गांव में सोमवार सुबह पेट की बीमारी से परेशान एक किशोरी ने घर के बरामदे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद उसका शव बरामदे में लटका मिला तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक कशिया गांव निवासी विश्राम की बेटी आरती उर्फ काजल (17) ने सोमवार सुबह करीब आठ बजे घर के बरामदे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय किशोरी घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कामों में व्यस्त थे।
आरती पिछले कई महीनों से पेट की गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। उसका इलाज भी कराया जा रहा था, लेकिन बीमारी से उसे राहत नहीं मिल पा रही थी। लगातार बीमारी के कारण वह काफी समय से मानसिक रूप से भी परेशान रहने लगी थी। सोमवार सुबह उसकी मां घर की छत पर काम कर रही थी, जबकि पिता किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आरती ने बरामदे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
कुछ देर बाद जब उसकी मां छत से नीचे उतरी तो बेटी को फंदे से लटका देखकर चीख पड़ी। मां की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पानी भरने गई युवती की कुएं में गिरने से मौत
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के नूरपुर हाजीपुर गांव में सोमवार सुबह पानी भरने गई एक युवती का पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में गिर गई। पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
नूरपुर हाजीपुर गांव निवासी रामतीरथ रंगाई-पुताई का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे उनकी दूसरे नंबर की बेटी रंजना (20) घर के पास शिव मंदिर के समीप स्थित कुएं से पीने का पानी भरने गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गई।
कुआं अधिक गहरा होने के कारण वह पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कुएं में उतरकर युवती को निकालने का प्रयास किया, लेकिन कुआं अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
सूचना मिलने पर पिपरी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती के शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की मौत से परिवार में मातम छा गया है। उसके भाई संगमलाल, मंगल, राहुल और कौशल तथा छोटी बहन नथ्थी देवी व रुचि रो-रोकर बेहाल हैं। थानाध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि युवती की कुएं में गिरने से मौत हुई है। परिजनों की ओर से किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया गया है।
