कुशीनगर। रिजर्व पुलिस लाइंय में आयोजित गोरखपुर जोन की अंतरजनपदीय पुलिस वॉलीबाल क्लस्टर (महिला/पुरुष) एवं सेपक टकरा प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया।सेपक टकरा महिला वर्ग में बहराइच और पुरुष वर्ग में देवरिया, बॉलीबाल पुरुष वर्ग में गोरखपुर और महिला वर्ग में संतकबीरनगर की टीम विजेता रही। डीआईजी गोरखपुर एस चन्नप्पा और एसपी केशव कुमार ने विजेता व उप विजेता खिलाड़ियों को ट्राॅफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
डीआईजी एस. चन्नप्पा ने कहा कि खेलकूद पुलिसकर्मियों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान में दिखाया गया समर्पण और खेल भावना ही खिलाड़ी की असली पहचान होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का आह्वान किया और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। सेपक टकरा महिला वर्ग के फाइनल में बहराइच ने देवरिया को हराकर खिताब अपने नाम किया। सेपक टकरा पुरुष वर्ग में देवरिया की टीम ने कुशीनगर को पराजित कर विजेता बनी। वॉलीबाल महिला वर्ग के फाइनल में संतकबीरनगर ने कुशीनगर को हराकर ट्रॉफी जीती। वॉलीबाल पुरुष वर्ग के फाइनल में गोरखपुर ने मेजबान कुशीनगर को शिकस्त देकर चैंपियन बना। इस दौरान एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, सीओ अजय कुमार सिंह, कुंदन सिंह, बीके सिंह, जयंत कुमार,पीआरओ उपकेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।