UP: लखीमपुर खीरी में तेंदुए से भिड़ा युवक, काफी देर तक लड़ा, फिर रस्सी से बांधकर खेत में डाला
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। धौरहरा वन रेंज क्षेत्र में खेत पर चारा काटने गए युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। युवक उससे भिड़ गया और उसे काबू में कर रस्सी से बांध दिया।
विस्तार
वन रेंज के देवीपुरवा गांव निवासी अंकुल भार्गव (40 वर्ष) ने बताया कि वह सोमवार सुबह अपने खेत पर चारा काटने गए थे। उनके हाथ में रस्सी थी। इसी दौरान गेहूं के खेत की ओर से किसी जंगली जानवर के गुर्राने की आवाज सुनाई दी। जब अंकुल पास जाकर देखने लगे तो सामने तेंदुआ खड़ा था। तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
काफी देर तक तेंदुए से लड़ते रहे अंकुल
अंकुल ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए से खुद को बचाव किया। वह काफी देर तक तेंदुए से जूझते रहे। किसी तरह तेंदुए को काबू में कर रस्सी से बांध दिया। इसके बाद गांव वालों को सूचना दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और तेंदुए को अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू कर दी।
तेंदुए से भिड़ंत के दौरान अंकुल घायल हो गए। वन क्षेत्राधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि तेंदुए की उम्र लगभग एक साल है, इसे पकड़ कर वन रेंज लाया गया है। जहां डॉक्टर टीम परीक्षण करेगी। उधर, तेंदुए के हमले में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।