UP News: लखीमपुर खीरी में महिला को दबोच ले गई बाघिन, 12 घंटे बाद खेत में मिला अधखाया शव
लखीमपुर खीरी के थाना तिकुनिया क्षेत्र में बाघिन ने एक महिला को मार डाला। घटना शनिवार शाम की है। महिला गन्ने के खेत में पत्ती काट रही थी, उसी वक्त बाघिन उसे दबोच ले गई। 12 घंटे बाद महिला का अधखाया शव खेत में मिला।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के थाना तिकुनिया क्षेत्र के गांव महाराजनगर के पास शनिवार देर शाम गन्ने के खेत में काम कर रही भेड़ौरी निवासी ऊषा देवी (35 वर्ष) पर बाघिन ने हमला कर दिया और उन्हें दबोच ले गई। सूचना पर वन विभाग की टीम ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन रात में महिला का कुछ पता नहीं चला। रविवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई। इस दौरान ऊषा का अधखाया शव खेत में पड़ा मिला। शव की हालत देख ग्रामीणों का कलेजा कांप गया। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।
गांव महाराजनगर की ही रहने वाली छैलबिहारी की पत्नी गूंधनी देवी भी घटना के वक्त ऊषा देवी के साथ थीं। गूंधनी के मुताबिक, गन्ने में छिपी बाघिन ने अचानक झपट्टा मारा और ऊषा को खींच ले गई। घबराईं गूंधनी देवी बदहवास हालत में भागीं। कुछ दूर पर ईंट की पथाई कर रहे मजदूरों के पास पहुंचकर बेहोश वह हो गईं। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तलाश शुरू की थी। रविवार सुबह शव मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उधर, रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बाघिन की गतिविधि को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है।
भेड़ौरी गांव में बाघिन के हमले ने एक बार फिर दो दशक पुरानी दहशत को ताजा कर दिया है। प्रधान प्रतिनिधि ध्रुव कुमार वर्मा के अनुसार, करीब 20 वर्ष पहले भी शावकों के साथ घूम रही बाघिन ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। इसके बाद लंबे समय तक क्षेत्र में भय का माहौल रहा लेकिन समय के साथ हालात सामान्य हो गए थे। अब फिर से दूसरी बाघिन अपने शावकों के साथ क्षेत्र में मौजूद है।
खेत में गन्ने की पत्ती काट रही थीं महिलाएं
वर्तमान में नेपाल सीमा से सटी तराई में किसान और मजदूर बेखौफ होकर भट्ठों पर ईंट पथाई, गन्ने की छिलाई और खेतों में मजदूरी कर रहे थे। शनिवार शाम करीब सवा पांच बजे गन्ने के खेत में अगेड़ी (पत्ती) काट रही ऊषा देवी और गूंधनी देवी पर अपने शावकों के साथ घूम रही बाघिन ने अचानक हमला कर दिया। हमले के दौरान तेंदुआ ऊषा देवी को गन्ने के खेत में खींच ले गया, जबकि साथ में गन्ना काट रही गूंधनी देवी जान बचाकर भागी और भट्ठे के पास पहुंचकर बदहवास होकर गिर पड़ी।
घटना के बाद खेतों में काम कर रहे किसान और मजदूर भयभीत हो गए। कई जगह काम ठप हो गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और बेलरायां चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियातन क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को बाहर निकाल दिया गया। वन विभाग ने रात में सघन तलाशी के लिए थर्मल ड्रोन मंगवाया। 12 घंटे बाद ऊषा देवी का शव बरामद हो सका। घटना के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा के ठोस इंतजाम और क्षेत्र में नियमित गश्त की मांग की है।