Lakhimpur Kheri: सावन के दूसरे सोमवार के लिए डायवर्जन लागू, 35 की जगह 65 किमी का लगाना पड़ेगा चक्कर
सावन के दूसरे सोमवार के लिए लखीमपुर खीरी जिले में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था मंगलवार रात आठ बजे तक 84 घंटे प्रभावी रहेगी। भारी वाहनों को लखीमपुर से गोला पहुंचने के लिए 35 किमी की जगह 65 किमी से अधिक का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी में सावन के दूसरे सोमवार के लिए रूट डायवर्जन लागू हो गया है। एसपी के अनुसार, कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए मंगलवार रात आठ बजे तक 84 घंटे डायवर्जन प्रभावी रहेगा। भारी वाहनों को लखीमपुर से गोला पहुंचने के लिए सीधे 35 किमी की जगह 65 किमी से अधिक का चक्कर लगाना पड़ रहा है। रोडवेज बसों को शनिवार और रविवार दोपहर तक कुछ राहत दी गई है।
लखीमपुर से गोला की दूरी करीब 35 किमी है और सामान्य स्थिति में करीब 45 मिनट लगते हैं। डायवर्जन के बाद भारी वाहन मनिकापुर चौराहा, सिकंदराबाद और मोहम्मदी मोड़ होते हुए गोला पहुंच रहे हैं। डायवर्जन से गोला मार्ग और आसपास के गांवों के लोगों को भी परेशानी हो रही है।
साइकिल और बाइक सवारों को राहत है, लेकिन चार पहिया वाहन चालकों को लंबा फेर लगाना पड़ रहा है। कुछ लोग कैमहरा होकर सकतापुर नहर पटरी से निकल रहे हैं। यहां हाइट गेज के पास पत्थर रखे जाने से परेशानी और बढ़ गई है। ओदरहना, राजेपुर, जैतापुर, फरधान, रजागंज और सकतापुर समेत आसपास के गांवों के लोगों को दिक्कत हो रही है।
डायवर्जन के बाद गोला की ओर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए मनिकापुर तिराहे पर बैरीकेडिंग लगाया गया है। गोला जाने वाले वाहनों को सिकंदराबाद मार्ग से भेजा जा रहा है। सीधे गोला जाने वाले मार्ग पर सिर्फ कांवड़ियों को जाने दिया जा रहा है। कार तो दूर, बाइक भी रोकी जा रही है।
यह है रूट डायवर्जन
- फरधान-मोहम्मदी, अलीगंज-लखीमपुर, मोहम्मदी-लखीमपुर और खुटार-शाहजहांपुर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद है।
- बहराइच से पीलीभीत/शाहजहांपुर जाने वाले वाहन सिसैया चौराहा-धौरहरा-ढकरवा-निघासन-पलिया-भीरा-मैलानी होते हुए खुटार से जाएंगे।
- लखीमपुर से शाहजहांपुर जाने वाले वाहन छाउछ चौराहा-बेहजम तिराहा-कस्ता-मितौली-मैंगलगंज होकर जाएंगे।
- लखीमपुर से सीतापुर जाने वाले वाहनों के लिए राजापुर-खीरी टाउन-लहरपुर होते हुए सीतापुर का रूट निर्धारित है।
- सीतापुर से लखीमपुर आने वाले वाहन ओयल से बेहजम तिराहा होते हुए छाउछ चौराहा पहुंचेंगे।
ओम-डमरू की रोशनी से सजा अलीगंज मार्ग
गोला गोकर्णनाथ में नगर पालिका परिषद ने अशोक चौराहा, आई लव छोटी काशी सेल्फी प्वाइंट और शिव मंदिर जाने वाले अलीगंज मार्ग को ओम और डमरू से सुशोभित डेकोरेटिव लाइटों से सजाया है। शुक्रवार शाम पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने पालिका सदस्यों के साथ आतिशबाजी के बीच लाइटें जलाईं। पालिका अध्यक्ष ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत अशोक चौराहे से शिव मंदिर तक अलीगंज मार्ग का सौंदर्यीकरण कराया गया है।
अशोक स्तंभ और कोतवाली के निकट आई लव छोटी काशी सेल्फी प्वाइंट को भी आकर्षक बनाया जा रहा है। श्रावण मास में लाखों श्रद्धालु और कांवड़िये भगवान गोकर्णनाथ के दर्शन को आते हैं।प्रथम चरण में सदर चौराहे से शिवम चौराहे तक डेकोरेटिव लाइटें लगाई गई हैं। आने वाले समय में नगर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी लाइटें लगाने की योजना है। इस मौके पर पालिका सदस्य और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।