UP News: लखीमपुर खीरी में ससुराल आए युवक ने की ससुर की हत्या, पत्नी पर भी किया चाकू से हमला
लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र में एक युवक ने चाकू से अपने ससुर की हत्या कर दी। उसने पत्नी को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र में पत्नी को विदा कराने शनिवार सुबह सैदीपुर खुर्द गांव स्थित ससुराल आए युवक ने अपने ससुर सोहनलाल (60 वर्ष) पर चाकू से हमला कर दिया। पत्नी को भी चाकू मारे। परिजन दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग सोहन लाल को मृत घोषित कर दिया। उनकी पुत्री की हालत गंभीर बताई गई है। परिजन और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। सीओ धौरहरा ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली।
पुलिस के मुताबिक सोहन लाल ने अपनी पुत्री सुमित्रा की शादी साल 2010 में बहराइच के सुजौली थाना के रविदासनगर गांव निवासी मुकेश के साथ की थी। इनके दो बेटियां और एक बेटा है। आरोप है कि आरोपी मुकेश नशे की लत के चलते अपनी पत्नी सुमित्रा से आए दिन मारपीट करता था। इससे तंग आकर करीब चार माह पहले सुमित्रा बच्चों को लेकर मायके सैदीपुर चली गई थी। मृतक के परिजन ने बताया कि मुकेश पत्नी को घर ले जाने के लिए विवाद करता था। इससे आजिज पत्नी ने उसके खिलाफ कोर्ट में वाद दायर कर दिया था।
चाकू से किया हमला
शनिवार सुबह करीब 11 बजे को मुकेश फिर ससुराल आ धमका। उसने पत्नी से घर चलने के लिए कहा। सुमित्रा ने कोर्ट में मामला विचाराधीन होने की बात कहकर चलने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर पत्नी और ससुर से उसकी कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में आग बबूला मुकेश अपना आपा खो बैठा। उसने ससुर सोहन लाल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। यह देख सुमित्रा पिता को बचाने लगी।
आरोपी को पकड़कर पेड़ से बांधा
आरोपी ने सुमित्रा पर भी चाकू से वार किए, जिससे वह भी घायल हो गई। चीख-पुकार के बीच अन्य परिजन और ग्रामीण एकत्र हो गए। लोगों ने हिम्मत कर आरोपी युवक को घेर कर पकड़ लिया। पेड़ में बांधा और पुलिस को खबर दी। घायल बुजुर्ग और उनकी पुत्री को परिजन जिला अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग सोहन लाल को मृत घोषित कर दिया।
इधर, सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर और फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह मौके पर पहुचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच कराई जा रही है।