मैनपुरी। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ़ इंद्रमणि त्रिपाठी ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने के लिए उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि 15 मई तक विशेष अभियान चलाकर ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर सफाई कराई जाए।उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में पंचायत घरों, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, नालियों, नालों की साफ-सफाई, सिल्ट हटाने, झाड़ियों की कटाई, कीटनाशक दवाओं के छिड़काव, फॉगिंग कराएं। यहां जलभराव, गंदगी, मच्छरों नहीं पनपने पाएं। पंचायत भवनों को व्यवस्थित किया जाए। पंचायत भवनों में नियमित रूप से पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान एवं पंचायत सहायक की उपस्थिति तय की जाए। यहां की डिजिटल सुविधाओं को मजबूत करें। 15 दिन की पूर्ण रिपोर्ट 16 मई को दें।उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी नियमित रूप से पंचायत भवन, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्रों की सफाई करें। उनके कार्य का सत्यापन संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य, सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर के बाद किया जाए। बिना कार्य के वेतन नहीं दिया जाए। जल संरक्षण के लिए ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम किए जाएं।