पत्नी को दी ऐसी मौत: रात में सोते समय पति ने फावड़े से किए वार, फिर बाहर सो गया, नौ साल के बेटे ने खोले राज
नगला देवजीत में छुट्टी पर आए बीएसएफ कर्मी संजेश ने झगड़े के बाद पत्नी नीतू की हत्या कर दी। बेटे के खुलासे पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के मैनपुरी जिले के नगला देवजीत में छुट्टी पर घर आए बीएसएफ कर्मी ने झगड़े के बाद पत्नी की सोते समय फावड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद घर के बाहर आकर सो गया, 9 साल के बेटे ने मां की मौत का राज खोला, जिसके बाद मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्यारोपी की पिटाई कर दी। पुलिस ने बीच बचाव कर छुड़ाने के बाद हिरासत में लिया है, पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला देवजीत निवासी 40 वर्षीय संजेश यादव बीएसएफ कर्मी है, वर्तमान में तैनाती जम्मू में है। करीब 10 दिन पहले छुट्टी लेकर घर आया था। शनिवार रात को 32 वर्षीय पत्नी नीतू से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। घटना के कुछ देर बाद संजेश ने घर में रखे फावड़े से सो रही पत्नी के सिर पर वार कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद बीएसएफ कर्मी घर के बाहर आकर सो गया।
अगले दिन सुबह करीब 10 बजे मृतका के 10 वर्षीय पुत्र निखिल ने मां का खून से लथपथ शव देख कर रोना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन व आसपास के लोग आ गए। कुछ देर बाद मायके पक्ष के लोग भी आ गए। बेटी का खून से लथपथ शव देख मायके पक्ष के लोगों ने आपा खो दिया और संजेश को पीटने लगे।
9 वर्षीय निखिल ने बताया कि रात को मां और पिता के बीच झगड़ा हुआ था, पिता नशे की हालत में थे। गुस्साए परिजन ने संजेश को पीटना शुरू कर दिया, इस बीच मौके पर पहुंचे पुलिसकमियों ने संजेश को छुड़ाने के बाद हिरासत में ले लिया।
मृतका के पिता का आरोप, अन्य महिला से संबंध
नगला देवजीत में हुए हत्याकांड के बाद मृतका नीतू के पिता बलराम यादव निवासी नगला झाल, थाना कुर्रा ने दामाद पर गंभीर आरोप लगाए। बताया कि दामाद शराब पीने का आदी है, किसी अन्य महिला से संबंध थे। पुत्री इसका विरोध करती थी। जिस वजह से दोनों के बीच विवाद भी होता था। दामाद ने विवाद के बाद बेटी की फावड़े से वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने बरामद किया आला कत्ल
पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में हिरासत में लिए गए बीएसएफ कर्मी संजेश को हिरासत में लेने के बाद थाने में बैठाया है। फोरेंसिक टीम ने घर में जांच कर नमूने लिए हैं। पुलिस ने घर से आला कत्ल खून से सना फावड़ा भी बरामद किया है।
नगला देवजीत में विवाद के बाद पत्नी की फावड़े से वार कर हत्या करने का मामला सामने आया है, मृतका के पुत्र ने भी पुलिस को इस बारे में जानकारी दी है। हत्यारोपी पुलिस हिरासत में है, तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। - अजय सिंह चौहान, सीओ करहल