मैनपुरी। गर्मी में बिजली कटौती ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। फॉल्ट और उसकी मरम्मत के लिए घंटों बिजली कटौती के कारण उपभोक्ता हवा और पानी के लिए तरस रहे हैं। आंधी और बारिश के चलते कई इलाकों में बाधित हुई बिजली आपूर्ति तीसरे दिन भी सुचारू नहीं होने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। शनिवार को भी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 13 हजार घरों की बिजली आपूर्ति 4 से 8 घंटे तक बाधित रही।बृहस्पतिवार की शाम तेज आंधी और बारिश के कारण जिले में 97 पोल टूट गए थे और 21 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए थे। बिजली निगम की ओर से नए पोल लगवाने और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को बदलवाने का कार्य शुरू कराया गया। लेकिन जिले के कई इलाकों में तीसरे दिन यानि शनिवार को बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। कई क्षेत्रों में दूसरे पोल और ट्रांसफार्मर से केबल जोड़कर आपूर्ति को सुचारू कराया गया, जिससे उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली।शनिवार को सुल्तानगंज, भोगांव टाउन, भोगांव ग्रामीण, आलीपुरखेड़ा, घिरोर, दन्नाहार, ज्योंती खुड़िया आदि क्षेत्रों में मरम्मत कार्य कराया गया। मरम्मत कार्य के चलते जिले के करीब 13 हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, शहरी क्षेत्र के पावर हाउस, सिविल लाइन, ज्योंती रोड, देवी रोड, करहल रोड आदि उपकेंद्र क्षेत्रों में भी फॉल्ट होने से दो से छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहरी क्षेत्र के उपकेंद्र देवी रोड के पुसैना अंडरपास के समीप शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे 33केवी मेन लाइन ब्रेकडाउन हो गई। बिजली कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद फॉल्ट को तलाश कर मरम्मत कार्य शुरू कराया। इससे उपकेंद्र राजा का बाग, देवी रोड, मंडी धर्मदास, आश्रम रोड, लेनगंज, कचहरी रोड सहित कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। समाचार लिखे जाने तक आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी थी।