{"_id":"69fed2bb4584be397a0bab41","slug":"bjp-leader-pammi-goswami-shot-in-chest-in-vrindavan-bullet-removed-after-surgery-2026-05-09","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"भाजपा नेता पर हमला: सात हमलवरों ने घेरा, ताबड़तोड़ फायरिंग; सीने में लगी 32 बोर की गोली को डॉक्टर ने निकाला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भाजपा नेता पर हमला: सात हमलवरों ने घेरा, ताबड़तोड़ फायरिंग; सीने में लगी 32 बोर की गोली को डॉक्टर ने निकाला
संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
Published by: Dhirendra Singh
Updated Sat, 09 May 2026 11:52 AM IST
विज्ञापन
सार
वृंदावन में भाजपा नेता पम्मी गोस्वामी को बाइक सवार हमलावरों ने घेरकर सीने में गोली मार दी। ऑपरेशन के बाद गोली निकाल ली गई है और पुलिस जमीनी विवाद के एंगल से मामले की जांच करते हुए सात आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घायल नेता पम्मी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
वृंदावन में भाजपा नेता पम्मी गोस्वामी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने सात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उनका अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन कर गोली निकाल दी है। उनके सीने से 32 बोर गोली निकली है। हमलावरों की तलाश में दो थानों की पुलिस जुटी है।
Trending Videos
वनखंडी क्षेत्र स्थित व्यास घेरा निवासी प्रमेंद्र गोस्वामी उर्फ पम्मी भाजपा के नगर महामंत्री हैं। वह बृहस्पतिवार देर रात पानीगांव स्थित अपने रिश्तेदार के प्रॉपर्टी के कार्यालय से स्कूटी पर सवार होकर व्यास घेरा स्थित घर आ रहे थे। उन्हें पानी गांव के नए पुल पर मोटरसाइकिल पर सवार आधा दर्जन हमलावरों ने घेर लिया। गाली गलौज करते हुए भाजपा नेता से मारपीट की और फिर गोली मार दी। गोली सीने में दाहिनी ओर लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गए। हमलावर वहां से भाग गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
सूचना पर परिजन और चचेरे भाई अनमोल गोस्वामी मौके पर पहुंचे और उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन ने उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर सीओ सदर पीतम पाल सिंह और वृंदावन एवं यमुना पार थानेे की पुलिस पहुंच गई। उन्होंने भाजपा नेता की स्कूटी कब्जे में लेकर हमलावरों की तलाश तेज कर दी। सीने में मिले कार्बन से प्रतीत हो रहा है कि गोली पिस्टल से बहुत ही करीब से मारी गई है। जो कि सीने के बाहर कार्बन छोड़ते हुए सीने में फंस गई। शुक्रवार दोपहर को घायल प्रमेंद्र गोस्वामी के छोटे भाई दयाल कृष्ण गोस्वामी ने सात हमलावरों के विरुद्ध वृंदावन में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटनास्थल पानी गांव के नए पुल के बीच होने के कारण यमुना पार थाना क्षेत्र का है लेकिन सीओ सदर के निर्देश पर वृंदावन थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
प्रमेंद्र गोस्वामी उर्फ पम्मी के चचेरे भाई अनमोल गोस्वामी ने बताया कि सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों ने शुक्रवार दोपहर को ऑपरेशन किया है। सीने में फंसी गोली निकाल ली गई है। ऑपरेशन के बाद वह बेहोशी की हालत में है, लेकिन खतरे से बाहर हैं। इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने पम्मी के बयान ले लिए हैं। वृंदावन पुलिस पम्मी पर नजर बनाए हुए हैं।
सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जमीनी विवाद प्रतीत हो रहा है। विवाद के कारण हमलावरों ने पम्मी के सीने में गोली मारी है। हमलावरों की तलाश में वृंदावन पुलिस की दो टीमें एवं यमुना पार पुलिस को भी लगाया गया है। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।