UP में वारदात: प्रेमिका का भाई प्यार में बन रहा था बाधा, प्रेमी ने कुल्हाड़ी से काट डाला; खून से लथपथ शव मिला
राजकुमारी का आरोप है कि कुल्हाड़ी से उनके पति के सिर और पीठ पर वार कर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के मथुरा स्थित थाना हाईवे क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग का विरोध करने पर प्रेमिका के भाई की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। खोजबीन के दौरान पुलिस को आरोपी के घर के पास से व्यक्ति का रक्तरंजित शव पड़ा मिला, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शव पर धारदार हथियार से प्रहार के निशान बताए गए हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। उधर, मृतक की पत्नी ने अपनी ननद के प्रेमी के खिलाफ थाना हाईवे में प्राथमिकी दर्ज कराई है। फिलहाल आरोपी भागा हुआ है।
'ननद का चार साल से मुकेश के साथ चल रहा है चक्कर'
आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के गांव सावरा निवासी राजकुमारी अपने पति गोविंद उर्फ पप्पू और परिवार के साथ महोली स्थित ऋषिकुल स्कूल के पास एटीवी के पीछे रहती हैं। राजकुमारी का कहना है कि उनकी ननद का नरहौली के कुसुम वाटिका निवासी ई-रिक्शा चालक मुकेश के साथ चार साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। उनके पति इसका विरोध करते थे। आरोप है कि शनिवार रात मुकेश उनके घर आया और पति को साथ लेकर चला गया। बाहर जाकर पति को शराब पिलाई और फिर घर छोड़ दिया। थोड़ी देर बाद मुकेश फिर घर आया और उनके पति को लेकर चला गया। इसके बाद उनके पति वापस नहीं लौटे।
कुल्हाड़ी से सिर और पीठ पर किया वार
राजकुमारी रविवार सुबह वह मुकेश के घर पहुंचीं और पति के बारे में पूछताछ की लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। इसके बाद महिला ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने जब खोजबीन शुरू की तो गोविंद का शव मुकेश के घर से थोड़ी ही दूरी पर पड़ा मिला। राजकुमारी का आरोप है कि कुल्हाड़ी से उनके पति के सिर और पीठ पर वार कर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। क्षेत्राधिकारी प्रवीण तिवारी ने बताया कि महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।