{"_id":"69a696da02b88e6c860bd1af","slug":"youth-shot-dead-in-suspected-honour-killing-minor-girl-attempts-suicide-in-naujheel-2026-03-03","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"UP: बहन से प्यार करने की दी खौफनाक सजा, प्रेमी की गोली मारकर हत्या, प्रेमिका ने भी लगाई फांसी; हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: बहन से प्यार करने की दी खौफनाक सजा, प्रेमी की गोली मारकर हत्या, प्रेमिका ने भी लगाई फांसी; हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
Published by: Dhirendra Singh
Updated Tue, 03 Mar 2026 01:37 PM IST
विज्ञापन
सार
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में प्रेम-प्रसंग से नाराज भाई ने 29 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से आहत किशोरी ने भी फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, जिसे गंभीर हालत में मथुरा से आगरा रेफर किया गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन
विस्तार
मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र के गांव सुहागपुर में मंगलवार सुबह 'ऑनर किलिंग' के प्रयास और हत्या की एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। बहन से प्रेम-प्रसंग की जानकारी होने से आगबबूला एक भाई ने गांव के ही युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस खूनी खेल के कुछ ही देर बाद, घटना से आहत होकर किशोरी ने भी फंदे से लटककर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे गंभीर हालत में मथुरा रेफर किया गया है। जहां हालत गंभीर होने के चलते आगरा रेफर किया गया है।
Trending Videos
घटना मंगलवार सुबह करीब 9 बजे की है। बताया जा रहा है कि सुहागपुर निवासी 29 वर्षीय शादीशुदा युवक अर्जुन पुत्र सुरेश का गांव की ही एक नाबालिग किशोरी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी किशोरी के भाई भोला को हुई, तो उसने अर्जुन को खत्म करने की साजिश रच डाली। मंगलवार सुबह जब अर्जुन अपने साथियों के साथ गांव के मंदिर के पास बैठा था, तभी भोला वहां पहुंचा और उसे बातचीत के बहाने पास ही स्थित पथवारी मंदिर की ओर ले गया। वहां पहुंचते ही भोला ने तमंचे से अर्जुन के सीने में गोली उतार दी। गोली लगते ही अर्जुन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
सूचना पर परिजन अर्जुन को तत्काल सीएचसी नौहझील लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अर्जुन की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, किशोरी ने भी घर के भीतर फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। मां की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने उसे फंदे से उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में मथुरा के लिए रेफर कर दिया गया।
वारदात के बाद गांव में भारी तनाव को देखते हुए नौहझील, सुरीर, मांट और शेरगढ़ थाने की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। सीओ संदीप कुमार सिंह और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
