{"_id":"69c19bb48419642f4509bde9","slug":"youth-stabbed-repeatedly-with-knife-objecting-car-collision-mathura-news-c-412-1-mt21004-6364-2026-03-24","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"छात्र का खौफनाक बदला: युवक को चाकू से गोद डाला, बीच सड़क पर किया लहूलुहान; CCTV आया सामने","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छात्र का खौफनाक बदला: युवक को चाकू से गोद डाला, बीच सड़क पर किया लहूलुहान; CCTV आया सामने
संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Tue, 24 Mar 2026 11:34 AM IST
विज्ञापन
सार
मथुरा में कार की टक्कर के विवाद में इंजीनियरिंग छात्र ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। बीच सड़क पर युवक की पीठ पर चाकू से एक के बाद एक कर तीन वार किए, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवक को चाकू से गोद डाला
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन
विस्तार
मथुरा के चौमुहां में नेशनल हाईवे पर थाना जैंत से महज सौ मीटर की दूरी पर सोमवार सुबह रोडरेज की वारदात सामने आई है। कार की टक्कर के बाद हुए विवाद में निजी यूनिवर्सिटी के छात्र ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन आरोपी छात्रों को हिरासत में लिया है। पूरी वारदात एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
Trending Videos
सोमवार सुबह बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के पास निवासी और मूल रूप से नौहझील के रहने वाले ललित मोहन भारद्वाज अपने भाई हरिदत्त और भतीजे अंश एवं वंश के साथ अर्टिगा गाड़ी से पैतृक गांव नौहझील जा रहे थे। अलवर पुल के पास उनकी गाड़ी को एक कार सवार सुशांत, निशांत और मृत्युंजय ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार सवार छात्रों ने ललित और उनके परिजनों को गाली दी और गाड़ी लेकर भाग निकले।
विज्ञापन
विज्ञापन
आरोपी छात्र भागकर जैंत थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित बाबा द ढाबा पर रुक गए। पीछे से पहुंचे ललित और उनके भाई का छात्रों से फिर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। हाथापाई के बीच एक छात्र ने कार से चाकू निकाला और ललित की पीठ पर एक के बाद एक तीन वार कर दिए।
ललित को खून से लथपथ देख हमलावर छात्र मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों सुशांत, उसके भाई निशांत और दोस्त मृत्युंजय को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल ललित को पहले वृंदावन के संयुक्त जिला चिकित्सालय भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि तीनों एक निजी यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। रिफाइनरी क्षेत्र के राधा टाउन में रहते हैं। इनमें से एक बीटेक और दो डिप्लोमा कर रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित के भाई हरिदत्त की तहरीर के आधार पर जैंत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।