मऊ में अखिलेश यादव: सुधाकर सिंह को दी श्रद्धांजलि, कफ सिरप और एसआईआर को लेकर भाजपा सरकार को घेरा
Mau News: मऊ में पूर्व विधायक स्व. सुधाकर सिंह की तेरहवीं में सपा मुखिया अखिलेश यादव मंगलवार को पहुंचे। श्रद्धांजलि अर्पित कर वे परिवार से मिले। इस दौरान उन्होंने मीडियाकर्मियों के बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
विस्तार
सपा मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को विधायक स्व. सुधाकर सिंह के पैतृक गांव दादनपुर अहिरौली तेरहवीं में पहुंचे। उन्होंने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजलि अर्पित किया। तेहरवीं में दादनपुर अहिरौली पहुंच कर विधायक स्व. सुधाकर सिंह के परिवार के लोगों से मिले। उन्हें ढाढ़स बधाया।
अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। कहा कि हम विजन की बात कर रहे हैं ये डिविजन की बात करते हैं। अभी स्कीम चल रही है, वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया। प्रदेश सरकार में महा गुंडाराज चल रहा है। जबसे सपा ने वन डिस्ट्रीक्ट वन माफिया की सूची जारी की है। भाजपा ने माथा पकड़ लिया है।
भाजपा कफ सिरप कांड में पूरी तरह फंस गई है। कफ सिरप खांसी से ज्यादा नशे के लिए इस्तेमाल हो रही थी। कहा कि भाजपा माफियाजीवी और संगी साथी ने मिलकर ये बड़ा कफ सिरप काडं किया। कहा कि खांसी हो तो देशी दवा सौंफ, काली मिर्च से बनी दवा इस्तेमाल कर लेना। लेकिन कफ सिरप से बचना। इसलिए बचना क्योंकि कुछ लोग इसमें मुनाफा कमा रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मऊ में 20 हजार वोटों को काटने की बीजेपी ने पहले तैयारी कर ली थी। वोट में गड़बड़ी, हेराफेरी हो गई। जिससे मजबूरी में सरकार एसआईआर करा रही है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता पीडीए प्रहरी बनकर वोट सही कराएं। वोट ज्यादा से ज्यादा बढ़ाएं। कहा कि सरकार ने आधार कार्ड का आधार खत्म कर दिया। सरकार सच्चाई से डरती है। भाजपा बेईमानी करने पर उतर आई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता का भवन लोकभवन है। जो नाम समाजवादियों ने दिया उसी को भाजपा अपना रही है। संचार साथी एप को सरकार सभी मोबाइल में इंस्टाल कर क्या खोजबीन करना चाहती है। कहा कि ऐसा तो नहीं सरकार किम जोन के राह पर चल रही है। उन्होंने एक सवाल पर कहा कि ओमप्रकाश एलायंस के लिए गंभीर हो रहे हैं।