श्रद्धालुओं से भरी बस पेड़ से टकराई: 40 लोग घायल...4 गंभीर, अयोध्या से बलिया जा रहे थे सभी; चालक को आई थी झपकी
UP Accident News: सड़क हादसे की सूचना मिलते ही हलधरपुर थाने की पुलिस माैके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया था। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा, जहां से चार लोगों को अन्यत्र रेफर कर दिया गया। बस में 65 श्रद्धालु सवार थे।
विस्तार
Mau News: हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा के पास मुबारकपुर में बीती रात करीब 12:30 बजे अयोध्या से बलिया जा रही श्रद्धालुओं की बस के चालक को झपकी आने से पीपल के पेड़ से टकरा गई। हादसे में 40 लोग घायल हो गए। 27 घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार की हालत गंभीर बनी है।
जानकारी के मुताबिक बीते दिनों बलिया से श्रद्धालु निजी बस यूपी 70 सिटी 5763 से अयोध्या में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में शामिल होने के लिए कुल 65 लोग गए थे। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी बस से वापस बलिया आ रहे थे। अभी हलधरपुर क्षेत्र के मुबारकपुर के पास पहुंचे थे कि बीती रात चालक को झपकी आने से सड़क किनारे स्थित पीपल के पेड़ में बस की टक्कर हो गई। बस में सवार 40 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को रतनपुरा सीएससी पर लाया गया।
ये हुए घायल
गंभीर रूप से घायल बलिया जनपद के अर्जुन पासवान (10) निवासी उग्रसेनपुर, शारदा (65) निवासी बेड़ुआ, सुजीत कुमार (40) निवासी राजेंद्र नगर, राज बिहारी वर्मा (56) निवासी हुसैनपुर, रिंकू देवी (34) निवासी बांसडीह, शिवचंद (60) निवासी ओझा कछुआ, आयुष (11) निवासी ओझा कछुआ, निर्मला देवी (38) निवासी उग्रसेनपुर, शांति पासवान (50) निवासी उग्रसेनपुर, ईशा वर्मा (17) निवासी उग्रसेनपुर, भोलू शाह 46 निवासी बेड़ुआ, बजरंग (40) निवासी हरपुर खरसरा, रानी (18) निवासी उग्रसेनपुर, आशा देवी (45) निवासी ओझा कछुआ, अशोक वर्मा (45) निवासी ओझा कछुआ, अंकित (5) निवासी उग्रसेनपुर, प्रदीप (9) निवासी उग्रसेनपुर, संदीप वर्मा (6) निवासी उग्रसेनपुर, मीरा (42) निवासी ओझा कछुआ, राधिका वर्मा (28) निवासी शाहपुर, अभिषेक यादव (16) निवासी पकड़ी, निर्मला (40) निवासी ओझा कछुआ, सुगंधा (34) निवासी ओझा कछुआ, किशन दयाल वर्मा (40) निवासी रायपूरा, भागीरथी (58) निवासी रायपुरा, आनंद (6) निवासी उग्रसेनपुर को एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। चार घायलों को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
बस में कुल 65 लोग सवार थे। 27 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया है। हादसा चालक को झपकी आने से हुआ है, कोई भी गंभीर नहीं है। - अंजनी कुमार पांडेय क्षेत्राधिकारी, मधुबन
7 मिनट 45 सेकंड में एंबुलेंस ने दिया रिस्पांस, नौ एंबुलेंस से घायलों को लाया गया जिला अस्पताल
श्रद्धालुओं से भरी बस मुबारकपुर में पेड़ से टकराने के बाद देर रात करीब 01:01 बजे एंबुलेंस सेवा प्रदाता कंपनी को घटना की जानकारी दी गई। प्रोग्राम मैनेजर मजहर हुसैन ने बताया कि सूचना मिलने के 7 मिनट 45 सेकंड और मौके पर 102 की चार एंबुलेंस और 108 की पांच एम्बुलेंस पहुंच गई। करीब 40 घायलों को रतनपुरा सीएससी पर कई फेरों में लाया गया। सीएससी से रेफर के बाद 27 घायलों को जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे जिला अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही देर रात जिला अस्पताल में घायलों की परिजन निजी वाहनों से जिला अस्पताल पहुंच गए। घायलों का हाल जानने के लिए लोग चिंतित थे। सीएमएस डॉक्टर धनंजय कुमार के नेतृत्व में इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक सहित अन्य साथ कर्मियों ने सभी को बारी-बारी से उनके परिजनों से मिलकर ढाढस दिया।