MLC Elections: चौधरी जयंत सिंह ने मेरठ में कार्यकर्ताओं में भरा जोश, कहा- एमएलसी चुनाव नामांकन में सरकार का दिखा नंगा नाच
स्थानीय निकाय एमएलसी चुनाव के सिलसिले में रालोद सुप्रीमो चौधरी जयंत सिंह गुरुवार को मेरठ पहुंचे। चुनाव में हार के सवाल पर उन्होंने कहा कि रालोद को 26 लाख वोट मिले हैं, ये कम नहीं है। इतनी वोट में तो कई राज्यो में सरकार बन जाती है।
विस्तार
मेरठ-गाजियाबाद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए रालोद सुप्रीमो चौधरी जयंत सिंह आज मेरठ के खिर्वा रोड स्थित शगुन फार्म पर सपा-रालोद गठबंधन कार्यकर्ताओं में चुनाव के लिए जोश भरने पहुंचे।
स्थानीय निकाय एमएलसी चुनाव के सिलसिले में कंकरखेड़ा स्थित शगुन फार्म पर पहुंचे रालोद सुप्रीमो चौधरी जयंत सिंह ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। जयंत ने कहा कि भाजपा ने चुनाव की गरिमा को तार-तार कर दिया। नामांकन में लोगों ने भाजपा का नंगा नाच देखा कि किस तरह गठबंधन प्रत्याशियों को पीटा गया और उनके कपड़े फाड़े गए। पुलिस भी मूक दर्शक बनी रही।
यह भी पढ़ें: हाई प्रोफाइल केस: होश में आए डीन, 13 दिन में हुए तीन ऑपरेशन, फिर भी जिस्म से नहीं निकल सकीं छह गोलियां
चुनाव में हार के सवाल पर उन्होंने कहा कि रालोद को 26 लाख वोट मिले हैं, ये कम नहीं है। इतनी वोट में तो कई राज्यो में सरकार बन जाती है। युवाओं और किसानों ने पार्टी को जमकर वोट दिया। जहां कमी रह गई है उसकी समीक्षा करेंगे और गलतियों से सबक लेकर आगे बढ़ेंगे।
योगी के शपथ ग्रहण समारोह में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह बिना निमंत्रण कहीं नहीं जाते हैं। अगर निमंत्रण मिलेगा भी तो नहीं जाऊंगा। अब ऐसे समारोह में पहले जैसी बात नहीं रह गई है। कहा कि चुनाव में किसानों को गुंडा, मवाली और आतंकवादी कहा गया। वह ऐसी विचारधारा वालो से दूर ही रहते हैं।
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर से मुलाकात के सवाल पर बोले कि सामाजिक न्याय की लड़ाई में हम साथ हैं और आगे भी मुद्दों पर साथ रहेंगे। उन्होंने मुझे राजस्थान के पाली में हुई घटना के बारे में बताया। इससे पहले जयंत सिंह ने गठबंधन प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए सपा और रालोद को एकजुट होकर लड़ने का जोश भरा।