फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Chief Minister Yogi Adityanath reached out to Western UP by showering flower petals on Kanwar Yatra route

UP: कांवड़ पथ पर पुष्पवर्षा से सीएम ने पश्चिमी यूपी को साधा, कांवड़ियों पर चढ़ी सियासी समीकरणों की नई तासीर

Sun, 09 Aug 2026 11:23 AM IST
Sharukh Khan मोहित कुमार, अमर उजाला, मेरठ
मोहित कुमार, अमर उजाला, मेरठ Published by: Sharukh Khan Updated Sun, 09 Aug 2026 11:23 AM IST
सार

मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ पथ पर पुष्पवर्षा से पश्चिमी यूपी को साधा। आस्था पथ पर योगी के आभिवादन से भगवा रंग में रंगे हजारों कांवड़ियों पर सियासी समीकरणों की नई तासीर चढ़ी है।

विज्ञापन
Chief Minister Yogi Adityanath reached out to Western UP by showering flower petals on Kanwar Yatra route
Chief Minister Yogi Adityanath - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सीएम योगी आदित्यनाथ की पुष्पवर्षा के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। शनिवार को सीएम के हाथों आसमान से बरसते फूल और नीचे भगवा रंग में रंगे हजारों कांवड़िए सियासी समीकरणों की नई तासीर बनाते नजर आए। 
विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिवादन करते हुए करीब 20 मिनट तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कांवड़ मार्ग पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी ने आस्था के साथ सियासी संदेश को एक साथ जोड़ दिया है।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में चुनाव या राजनीति का जिक्र तक नहीं किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा को आस्था, श्रद्धा और उमंग का महापर्व बताते हुए सामाजिक समरसता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री का सीधे कांवड़ियों के बीच पहुंचना पश्चिमी यूपी की सियासत में महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

पश्चिमी यूपी में कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले लाखों शिवभक्त मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत समेत आसपास के क्षेत्रों से गुजर रहे हैं। गांव से शहर तक यात्रा का व्यापक सामाजिक प्रभाव है। 

ऐसे कांवड़ यात्रा सरकार के धार्मिक-सांस्कृतिक सरोकारों को सीधे लोगों तक पहुंचाने का माध्यम भी बनती रही। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, कांवड़ियों का अभिवादन और आस्था के साथ सामाजिक समरसता की सीएम की बातों पर खूब तालियां बजती रहीं। जयकारे गूंजते रहे।
 

कांवड़ यात्रा को सामाजिक समरसता की प्तीक बताते हुए मुख्यमंत्री ने जाति और क्षेत्र के भेद से ऊपर बताया। उनका कहना था कि सामाजिक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पश्चिमी यूपी में कांवड़ यात्रा में अलग-अलग सामाजिक समूहों में एक समान धार्मिक पहचान बन गई है। 

 

मुख्यमंत्री का समरसता पर जोर धार्मिक आयोजन को सामाजिक एकता से जोड़ने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। यानी फूलों की बारिश भले ही शिवभक्तों के स्वागत के लिए हुई, लेकिन इसके साथ सरकार की धार्मिक-सांस्कृतिक प्राथमिकताओं, प्रशासनिक सक्रियता और पश्चिमी यूपी में राजनीतिक पहुंच का संदेश भी साफ तौर पर दिखाई दिया। 

कांवड़ यात्रा भक्ति-समर्पण और राष्ट्रीय एकता का अनुपम उदाहरण: सीएम योगी
श्रावण मास की दशमी तिथि में शनिवार को मेरठ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुल्हेड़ा चौकी के पास शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर आस्था को नमन किया। इस दौरान सीएम ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक -राष्ट्रीय एकता और समरसता का अनुपम उदाहरण बताया। उन्होंने कांवड़ यात्रियों का स्वागत -अभिनंदन करने के बाद हेलिकॉप्टर से फूल बरसाते हुए कांवड़ पथ का अवलोकन भी किया। साथ ही भोले भक्तों को अहसास कराया कि यह आस्था का सम्मान करने वाली सरकार है। इससे गदगद हुए कांवड़िये भी योगी-योगी के जयकारे लगाते रहे।

पुष्पवर्षा के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। श्रद्धालु शिवालयों के साथ ही मेरठ के प्राचीन औघड़नाथ मंदिर और बागपत के पुरामहादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने कांवड़ यात्रा को अटूट आस्था, श्रद्धा और उमंग का महापर्व बताया। कहा कि कांवड़ियों के चेहरों पर उत्साह और उमंग साफ दिखाई दे रही है।

 

जाति और भेदभाव से ऊपर, सभी शिवभक्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता सामाजिक एकता और समरसता है। यात्रा में जाति और भेदभाव दिखाई नहीं देता। प्रांत और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर सभी यहां शिवभक्त हैं और अपने आराध्य का जलाभिषेक करने के लिए निरंतर गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर शिविर लगाकर दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा कर रहे समाजसेवियों और शिवभक्तों का भी आभार जताया। कहा कि सेवा शिविरों में कांवड़ियों के लिए भोजन, पानी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
 

शिवरात्रि तक तीन दिन होगी पुष्पवर्षा
मुख्यमंत्री ने बताया कि शिवरात्रि तक तीन दिन कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की भी सराहना की। कहा कि सिपाही से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी तक श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी जिम्मेदारी से काम कर रहे हैं।
 

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दुल्हैड़ा चौकी और कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा के साथ ही कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए पहले से व्यवस्था की थी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed