मौसम: दिन में गर्मी, रात में राहत; 26-27 सितंबर को बारिश के आसार, 35 डिग्री के आसपास पहुंचा तापमान
मोदीपुरम में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 26-27 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवा और गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
विस्तार
सितंबर के अंतिम सप्ताह में भी मेरठ में दिन के समय गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। तेज धूप और उमस से दिन में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा, जबकि रात में तापमान में गिरावट से कुछ राहत मिल रही है। मौसम वैज्ञानिक ने 26-27 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार जताए हैं।
35 डिग्री के आसपास रहा तापमान
बुधवार को दिन में तेज धूप के साथ उमस का असर रहा। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। गर्मी के कारण दिन में लोगों को परेशानी हुई, वहीं रात में तापमान गिरने से मौसम कुछ राहत देने वाला रहा।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बन रहे प्रभावी दाब क्षेत्र और सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव के आसार हैं।
26-27 सितंबर को बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 26 से 27 सितंबर के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। तराई क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है।
किसानों को सिंचाई से बचने की सलाह
डॉ. यूपी शाही ने बताया कि बारिश के साथ मानसून की वापसी के लिए भी परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। ऐसे में किसानों को मौसम को देखते हुए खेतों में आवश्यक सावधानी बरतने की जरूरत है। खड़ी फसल में फिलहाल सिंचाई नहीं करना उचित रहेगा, ताकि बारिश होने की स्थिति में अतिरिक्त पानी से फसल को नुकसान न हो।
26 सितंबर को भी बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मेरठ पूर्वानुमान में 26 सितंबर को बादल छाए रहने और बारिश या गरज-चमक के एक-दो दौर की संभावना जताई गई है।