लोकसभा चुनाव परिणाम: भाजपा और रालोद के बीच कड़ा मुकाबला, चाय की चर्चा में जीत का गणित तैयार
बागपत में चुनाव के गणित पर चर्चा है। मुकाबला रालोद और भाजपा के बीच है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं का ऐसा गणित है कि वह हारने के लिए तैयार नहीं है। खेत खलिहान से लेकर चाय की दुकानों तक पर भी चुनाव के नतीजों की चर्चा होने लगी है। तमाम चर्चाओं में बहस है और 23 मई तक इंतजार करने के दावे किए जा रहे हैं।
चुनाव की चर्चा में रालोद और गठबंधन के समर्थकों का पूरा दारोमदार छपरौली और सिवाल खास विधानसभा सीट पर बड़ी बढ़त पर टिका है। बड़ौत और बागपत विधानसभा में बराबरी या मामूली अंतर रहना भी चर्चाओं में शामिल हैं। गाजियाबाद की मोदीनगर सीट रालोद समर्थकों के लिए पहेली बनी हुई है। भाजपा समर्थकों का दावा है कि हर घर में भाजपा प्रत्याशी को वोट मिली है। जीत की सबसे बड़ी वजह इसी को बताया। भाजपा समर्थकों का दावा है कि प्रत्येक विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी बढ़त लेकर आगे बढ़ेगा। मोदीनगर विधानसभा में निर्णायक बढ़त हो जाएगी। विकास के नाम पर भाजपा को वोट मिले हैं, जिससे जीत निश्चित है।
इस तरह आए थे साल 2014 के नतीजे
साल 2014 के चुनाव में छपरौली सीट पर भाजपा को बढ़त मिली थी। यही नहीं डॉ सत्यपाल सिंह ने पहली बार यहां चुनाव जीता था। इस बार देखने वाली बात यह होगी कि चुनाव का गणित किस तरह बदलता है।
किसने क्या कहा
भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय का कहना है कि मतदान के बाद वह लोगों से मिले हैं। लोकसभा क्षेत्र के गांवों का फीडबैक लिया है। प्रत्येक विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी बढ़त लेकर जीत दर्ज करेंगे।
रालोद जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना का कहना है कि गठबंधन को लोगों ने खूब वोट किया है। एक लाख से अधिक वोटों से गठबंधन के प्रत्याशी रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी की जीत होगी।
महिला वोट होगा निर्णायक
घर-घर में मतदान को लेकर अलग मिजाज रहा, जिस कारण इस बार का चुनाव पूरी तरह उलझा हुआ है। बागपत लोकसभा क्षेत्र में चार लाख 55 हजार 715 महिलाओं ने मतदान किया, जबकि पांच लाख 81 हजार 201 पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया। महिलाओं के वोट इस बार निर्णायक हो सकते हैं।
चुनाव 2019 में कितना मतदान
विस महिला पुरुष कुल
छपरौली 88450 113314 201764
बड़ौत 81713 105069 186782
बागपत 88269 113829 186782
मोदीनगर 99118 122471 221590
सिवाल खास 98165 1265518 224684
बागपत के इन बूथों पर बंपर मतदान
बूथ मतदान प्रतिशत
प्राइमरी पाठशाला सरोरा-1 89.33
प्राइमरी पाठशाला चौबली-1 84.85
आसिफपुर खड़खड़ी 84.74
चौपाल डौला कमरा नंबर-1 84.74
प्राइमरी आदमपुर-1 81.08
प्राइमरी पाठशाला शाहजहांपुर-1 80.96
प्राइमरी पाठशाला हिसावदा 80
यहां हुआ सबसे कम मतदान
बूथ मतदान %
रविदास स्कूल सूप-1 34.61
हरिजन चौपाल किरठल-2 39.85
गांधी इंटर कॉलेज बड़ौत-8 44.37
हरिजन चौपाल शाहपुर बड़ौली 44.85
प्राइमरी पाठशाला रठौड़ा-2 45.81
रविदास स्कूल सूप-2 47.99
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/