मेरठ में बड़ा हादसा: जगन्नाथ रथ यात्रा में दौड़ा मौत का करंट, हाइटेंशन तार से टकराने से सचिन की मौत, 17 झुलसे
मेरठ के परीक्षितगढ़ में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान रथ हाइटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। हादसे में 25 वर्षीय सचिन की मौत हो गई, जबकि 17 श्रद्धालु झुलस गए। दो घायलों को मेरठ रेफर किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
परीक्षितगढ़ में भगवान जगन्नाथ की सातवीं रथ यात्रा शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह के बीच शुरू हुई, लेकिन कुछ ही पलों में धार्मिक आयोजन दर्दनाक हादसे में बदल गया। ओम पब्लिक स्कूल से रथ यात्रा शुरू होने के दौरान रथ हाइटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से 25 वर्षीय सचिन समेत 17 श्रद्धालु झुलस गए। गंभीर हालत में मेरठ रेफर किए गए सचिन की उपचार के दौरान मौत हो गई। एक अन्य घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रथ हाइटेंशन तार से टकराया, करंट लगते ही मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओम पब्लिक स्कूल से भगवान जगन्नाथ की सातवीं रथ यात्रा शुरू हुई थी। श्रद्धालु नंगे पैर रस्सी के सहारे रथ को खींच रहे थे। इसी दौरान रथ की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन बिजली तार से टकरा गया।
तार के संपर्क में आते ही करंट फैल गया और कई श्रद्धालु झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में घायलों को सरकारी एंबुलेंस से नगर के निजी अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें: Meerut: छात्रों ने निकाली शिक्षा मंत्री की सांकेतिक शवयात्रा,सपा नेताओं ने की नीट पेपर लीक पर इस्तीफे की मांग
चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए मोहल्ला गंधार दरवाजा निवासी 25 वर्षीय सचिन पुत्र नंद किशोर और लखीमपुर खीरी निवासी 63 वर्षीय महाराज भारतदास को मेरठ रेफर कर दिया। उपचार के दौरान सचिन की मौत हो गई।
सचिन अविवाहित था और चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही मां सुशीला, भाई विशाल, बहन प्राची और विशाका समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल हादसे की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
17 श्रद्धालु झुलसे, दो की हालत गंभीर
हादसे में गुड्डी, वतनदीप, सोमेश, मदनपाल, मोहित, चेतन, विशेष धामा, पीरू, यश, महेश शर्मा, प्रियांक, विवेक, राजेश मिश्र और लता समेत अन्य श्रद्धालु करंट की चपेट में आकर झुलस गए। कुल 17 श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना पर एसपी देहात अभिजीत सिंह और एसडीएम मवाना संतोष कुमार अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और घटना की जानकारी ली।
रथ की ऊंचाई और सड़क की स्थिति से हादसे की बात
आयोजक अतुल शर्मा और संजीव शर्मा ने बताया कि 18 जुलाई को कलश यात्रा के साथ भगवान जगन्नाथ यात्रा का शुभारंभ हुआ था। इसके बाद कथा चल रही थी। कथा समाप्त होने के बाद शुक्रवार को रथ यात्रा निकाली जा रही थी।
बताया गया कि रथ की ऊंचाई अधिक थी। सड़क की ऊंचाई और नीचे बने गड्ढों के कारण रथ हाइटेंशन तारों की चपेट में आ गया। रथ पर कोई चालक भी नहीं बैठा था। हादसे के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से श्रद्धालुओं में रोष है।